Published On:Monday, November 25, 2013
Posted by NJFI media
'आप' प्रत्याशियों ने दायर किए मानहानि के मुकदमे
प्रत्याशियों ने यह भी कहा है कि वे 'छेड़छाड़ वाली सीडी' की प्रामाणिकता की पुष्टि किए बिना उसका प्रसारण करने के लिए कुछ समाचार चैनलों के खिलाफ कार्रवाई पर भी विचार कर रहे हैं।
'आप' के नेता योगेन्द्र यादव ने कहा, हमारे प्रत्याशियों ने ‘छेड़छाड़ वाली सीडी’ जारी कर उनकी कथित मानहानि करने के लिए वेब पोर्टल के खिलाफ एक मामला दायर किया है। उन्होंने कहा, पार्टी ने वेब पोर्टल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा एक समाचार चैनल के दो अधिकारियों के खिलाफ एक आपराधिक मानहानि शिकायत भी दाखिल की है।
समाचार चैनल ने सीडी की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की और कथित स्टिंग ऑपरेशन के आधार पर गढ़ी कहानी लगातार प्रसारित की। यादव ने कहा कि आप नेता इस मुद्दे पर मंगलवार को दिल्लीके मुख्य निर्वाचन अधिकारी से संपर्क करेंगे।
यह घटनाक्रम तब हुआ जब मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने आज कहा कि चुनाव आयोग के निर्देश पर उसे, आप प्रत्याशियों के स्टिंग ऑपरेशन वाली सीडी की एक प्रति मुहैया कराई गई है और वे (आप सदस्य) अपनी शिकायत को लेकर निर्वाचन आयोग से संपर्क कर सकते हैं तथा मीडिया पोर्टल के खिलाफ कोई कार्रवाई कर सकते हैं।
आप नेताओं ने कहा कि वह इस मामले के सिलसिले में मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय देव से मिलेंगे। एक बयान में आप ने कहा, हम मामले को किसी तार्किक निष्कर्ष तक ले जाएंगे और किसी को भी हमारी छवि खराब नहीं करने देंगे। हमारे नेता इस मुद्दे पर कल दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से भी मिलेंगे।
पार्टी ने यह भी कहा कि वह सीडी की प्रामाणिकता की पुष्टि किए बिना उस पर गढ़ी कहानी का प्रसारण करने वाले कुछ समाचार चैनलों के खिलाफ भी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है।
यादव के अनुसार, हमें टीवी चैनलों से भी शिकायत है जिन्होंने सीडी की प्रामाणिकता की पुष्टि किए बिना उस पर गढ़ी कहानी का प्रसारण किया। ऐसा कुछ ही चैनलों ने किया लेकिन इससे पता चलता है कि मीडिया अब आलोचनात्मक हो गया है।
उन्होंने कहा, हम मीडिया घरानों से पूरे 14 घंटे के गैर संपादित वीडियो के प्रसारण का अनुरोध करते हैं ताकि लोगों को सच पता चले। अगर आपके पास सीडी का गैर संपादित संस्करण नहीं है तो पार्टी उसे आपको मुहैया कराने के लिए तैयार है।
आप नेता कुमार विश्वास ने कहा कि जब तक उन्हें गलत तरीके से दिखाने वाले टीवी चैनल माफी नहीं मांगेगे, तब तक वे चैनलों के किसी कार्यक्रम में नहीं जाएंगे। स्टिंग ऑपरेशन में दावा किया गया था कि कुमार कथित तौर पर कालाधन ले रहे थे। स्टिंग ऑपरेशन मीडिया पोर्टल 'मीडिया सरकार' ने किया था।
एक वरिष्ठ निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मामले पर चुनाव आयोग गौर कर रहा है और आगे की कार्रवाई करेगा। मीडिया पोर्टल ने सीडी मुख्य कार्यपालक अधिकारी के कार्यालय को दी जिसने कुछ टिप्पणियों के साथ इसे निर्वाचन आयोग के पास भेज दिया।

