Published On:Saturday, December 28, 2013
Posted by NJFI media
शीतलहर के बीच होगा नए साल का आगाज
इलाहाबाद। पश्चिमी हिमालय में बर्फबारी से ठंड बढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। अगले सप्ताह तक यह चरम पर होगा। नए साल का आगाज शीतलहर के बीच होगा। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान यही तस्दीक कर रहे हैं। इसके अनुसार 31 दिसंबर को धुंध व कोहरा छाया रहेगा।
नया साल एक जनवरी से शुरू होगा लेकिन तीन जनवरी को नया सौर वर्ष होगा। उस रोज धरती का दक्षिणी हिस्सा सूर्य के सबसे करीब हो जाता है लेकिन उत्तरी हिस्से के लोग सूर्य से दूर हो जाते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार इन सबके बीच पश्चिमी विक्षोभ का असर भी पड़ना शुरू हो गया है। इसी का नतीजा है कि पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। नए साल के आगमन तक पूरा गंगा का मैदान भीषण ठंड की चपेट में होगा। मौसम विभाग द्वारा वेबसाइट पर जारी पूर्वानुमान भी यही बता रहे हैं। संगम नगरी के संबंध में जारी पूर्वानुमान के अनुसार 31 दिसंबर को धुंध छाई रहेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान सात डिग्री तक नीचे जाएगा जबकि अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम करीब 23 डिग्री रहेगा।
नव वर्ष का आगाज-
नए साल की अगवानी के लिए लोग रोमांचक और सुकूनभरी जगहों पर जा रहे हैं। बीते साल की थकान को पीछे छोड़ने और नए साल के स्वागत के लिए लोगों की पहली पसंद के रूप में गोवा और केरल बने हुए हैं। वहीं लोग देश में अंडमान, शिमला, मनाली, राजस्थान और विदेश में सिंगापुर, मलेशिया, दुबई, हांगकांग जाना भी पंसद कर रहे हैं।
नए साल पर पर्यटन स्थलों की यात्रा करने के लिए लोगों में खासी रूचि रहती है। गोवा में समुद्र का किल्लोल, नए साल की चहल पहल, राजस्थान में गुलाबी ठंड, केरल में समुद्र तट, हरियाली, नदियां, झरने ओर प्रकृति का सौंदर्य नए साल में लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है। यहीं कारण है कि साल के अंत में यात्रा करने वालों के लिए विभिन्न कंपनियों द्वारा कई ऑफर लांच किए गए हैं। कॉक्स एंड किंग्स ट्रेवल्स के प्रबंधक आनंद मौर्या ने बताया कि इस साल भी कंपनी की तरफ से विभिन्न पैकेज लांच किए गए है। इसमें देश के साथ ही विदेशों के भी टूर पैकेज मौजूद हैं।
बताया कि पैकेज की बुकिंग के लिए इस साल लोगों में पिछले साल की तुलना में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। सबसे ज्यादा डिमांड गोवा और केरला के टूर पैकेज की है। सिंगापुर, मलेशिया की सबसे ज्यादा बुकिंग आ रही है। वहीं डीएवीएस ट्रैवेल्स के आईएम तिवारी ने बताया कि वह टूर पैकेज लोगों के हिसाब से बनाते हैं। वहीं ईगल ट्रैवेल्स के मोहन लाल का कहना है कि नए साल में अधिकतर लोग ऑनलाइन ही टूर पैकेज सेलेक्ट कर लेते हैं। फिर भी उनके यहां पिछले बार की तुलना में डिमांड बढ़ी है। आशु ट्रैवेल्स के आशुतोष सिंह का कहना है कि नए साल का जश्न बाहर मनाने का लोगों में उत्साह बढ़ा है। काफी बुकिंग भी आ रही है। गोवा में नए साल का जश्न क्रिसमस से ही मनाया जाने लगता है। यहां विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। दिन में यहां समुद्र तट पर ज्यादातर पर्यटक धूप सेंकते हैं और रात यहां पार्टियों से गुलजार रहती हैं। साथ ही ओल्ड गोवा में पाश्चात्य स्थापत्य के बेजोड़ नमूने लोगों को अचंभित करते हैं। वहीं केरल दुनिया की एक बेहतरीन जगह है। समुद्र तट, हरियाली, नदियां, झरने और प्रकृति का सौंदर्य मिलकर केरल को सुंदर बनाते हैं। नेशनल जियोग्राफिक पत्रिका ने भी इसे दुनिया के दस बेहतरीन पर्यटन स्थलों में शुमार किया है।
जश्न के साथ नए साल का इस्तकबाल करने की चाहत रखने वालों के लिए मायूसी भरी खबर है। शहर के किसी भी बड़े होटल, बार और क्लब में इस बार न्यू ईयर ईव पर न तो जाम छलकेंगे, न ही देर रात तक तेज संगीत की स्वर लहरियां गूंजेंगी। शहर के अधिकांश नामी गिरामी होटल इस दौरान सन्नाटे में रहेंगे। एक प्रसिद्ध होटल तो उस रात पूरी तरह बंद रहेगा। न्यू ईयर पार्टी में होने वाले हंगामों, प्रशासन की सख्ती और बढ़े मनोरंजन कर की मार से बेहाल होटल मालिकों ने इस बार आयोजनों से किनारा कसने का निर्णय लिया है।
नए साल की पूर्व संध्या पर किसी तरह की अराजकता न हो, इसके पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बार और होटलों में निर्धारित समय सीमा के बाद शराब परोसने पर प्रबंधकों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी। ढाबे में शराब पीते हुए लोग पाए गए तो ढाबा मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


