Published On:Sunday, December 29, 2013
Posted by NJFI media
राहुल गांधी के सामने केजरीवाल, मोदी ई सब 'फुदकी' हैं: लालू प्रसाद यादव
नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी की रैलियों में आने वाली भीड़ और मजबूत व्यक्तित्व के आधार पर भले ही यह माना जाता हो कि कांग्रेस के पास फिलहाल मोदी का जवाब नहीं है लेकिन अभी हाल ही में जेल से बाहर आये राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का कहना है कि राहुल गांधी के सामने मोदी कुछ नहीं है। उन्होने कल ही दिल्ली के मुख्यमंत्री बने अरविंद केजरीवाल को भी बेअसर बता दिया। लालू के अनुसार 'राहुल गांधी के सामने ई नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल सब फुदकी हैं। राहुल के सामने मोदी, केजरीवाल की क्या शख्सियत है? लालू ने कहा कि मीडिया के लोगों ने ही मोदी को 'बौरा' दिया है, यही हाल केजरीवाल का भी है। लालू हमेशा से ही अपने मजाकिया अंदाज के कारण जाने जाते हैं। राहुल की प्रशंसा कर लालू ने संकेत दे दिये हैं कि वह कांग्रेस के समर्थन के लिए तैयार हैं। वह मोदी का पहले भी विरोध करते रहे हैं, हालांकि पटना में 27 अक्टूबर को हुई 'हुंकार रैली' में मोदी ने लालू यादव को अपना दोस्त बताया था। चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में की गई रैलियों के दौरान देखा गया कि मोदी की रैलियों में तो काफी भीड़ आयी लेकिन राहुल गांधी कुछ ही स्थानों पर भीड़ जुटा सके। दिल्ली में तो एक रैली के बीच में ही लोग उठकर जाने लगे जिससे कि राहुल को अपना भाषण छोटा करना पड़ा। नीतीश कुमार की जदयू द्वारा भाजपा के साथ सत्रह साल पुराना गठबंधन तोड़ने के बाद बिहार में राजनीतिक समीकरण बिगड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।


