Published On:Friday, February 7, 2014
Posted by NJFI media
'मोदी के विरोध से अपनी छवि चमका रहे नीतीश'
पटना। बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड की ओर से राज्यसभा का दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाए जाने से नाराज चल रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता और निवर्तमान राज्यसभा सदस्य शिवानंद तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और सांप्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष का बहाना बनाकर सिर्फ अपनी छवि चमकाने में लगे हुए हैं।
तिवारी ने कहा कि उन्होंने अपने दो पत्रों के माध्यम से पार्टी नेतृत्व पर जो सवाल उठाया था उस पर जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने तो मौन साध ही लिया है, वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया है कि यह उनकी (तिवारी) की पुरानी आदत है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री किसी सवाल में घिरते है तब बड़े ही मासूमियत से अपनी नियति का हवाला देकर बच निकलते है।
जेडीयू के नाराज राज्यसभा सदस्य ने सवालिया लहजे में कहा कि मुख्यमंत्री जैसा ताकतवर व्यक्ति अपनी नियति पर रोना कैसे रो सकता है। उनकी नियति ने उन्हें विधायक, सांसद, रेल मंत्रालय समेत केंद्र सरकार में कई विभागों का मंत्री बनाया। उन्होंने कहा कि आज नीतीश कुमार दस-ग्यारह करोड़ की आबादी वाले बिहार के मुख्यमंत्री है। फिर नियति का रोना रोकर उसे अपमानित क्यों कर रहे हैं।


