Published On:Thursday, February 27, 2014
Posted by NJFI media
सहारा प्रमुख को गिरफ्तार करके पेश करने के आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को सहारा प्रमुख सुब्रत राय को गिरफ्तार करके 4 मार्च तक कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया। शीर्ष अदालत ने सहारा प्रमुख के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। सुब्रत राय पर निवेशकों के 20 हजार करोड़ रुपये लौटाने के आदेश की अवहेलना करने पर अवमानना की कार्यवाही चल रही है।
मां की बीमारी का कारण : कोर्ट ने कार्यवाही शुरू होते ही पूछा कि क्या सभी आरोपी मौजूद हैं। इस पर राय के वकील राम जेठमलानी ने कहा, ‘उनकी (सुब्रत की) मां बहुत बीमार हैं। वह किसी भी वक्त मर सकती हैं, इसलिए वह बिस्तर पर उनका हाथ थामे बैठे हैं।’
कोर्ट ने फटकारा : शीर्ष अदालत ने कहा कि हमने मंगलवार को भी आपको पेशी से छूट देने से मना कर दिया था। उसके बावजूद आप पेश नहीं हुए। याद रखिए कोर्ट के हाथ बहुत लंबे हैं। सर्वोच्च अदालत के आदेश का पालन करवाना हम जानते हैं। पिछले दो साल से हम देख रहे हैं कि इस मामले में क्या हो रहा है।
लखनऊ पहुंचा वारंट
सुब्रत राय के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट से जारी गैरजमानती वारंट लखनऊ पुलिस के पास पहुंच गया है। एडीजी कानून-व्यवस्था मुकुल गोयल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि लखनऊ पुलिस इस संबंध में जरूरी कार्रवाई करेगी।

