Published On:Wednesday, February 26, 2014
Posted by NJFI media
सिंधुरत्न को समुद्र तट के पास लाया, लापता अधिकारियों की मौत की आशंका
मुंबई। दुर्घटनाग्रस्त पनडुब्बी आइएनएस सिंधुरत्न को गुरुवार सुबह समुद्र तट के पास लाया गया। उधर, हादसे में लापता दो अधिकारियों की मौत हो जाने की आशंका जताई गई है।
गौरतलब है कि रूस से खरीदी गई किलो क्लास पनडुब्बी आइएनएस सिंधुरत्न बुधवार सुबह मुंबई के पास हादसे का शिकार हो गई। इससे पनडुब्बी में सवार सात नौसेना कर्मी गंभीर रूप से प्रभावित हो गए। नौसेना में बीते एक साल के दौरान हुए करीब एक दर्जन हादसों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए नौसेनाध्यक्ष एडमिरल डीके जोशी ने इस्तीफा दे दिया। सरकार ने तत्काल प्रभाव से उनका त्यागपत्र स्वीकार करते हुए अगली नियुक्ति तक उप-नौसेनाध्यक्ष वाइस एडमिरल आरके धोवान को नौसेना की कमान सौंप दी है।
पिछले सात महीने में इसे मिलाकर भारतीय नौसेना के दस युद्धपोत और तीन पनडुब्बियां हादसे का शिकार हो चुकी हैं। नौसेना के सूत्रों ने बताया कि मुंबई बंदरगाह पर आइएनएस सिंधुरत्न अभ्यास कर रही थी। उसी दौरान पनडुब्बी के बैटरी रूम में रिसाव हुआ और सात नौसेना कर्मियों का दम घुटने लगा। उन्होंने बताया कि नौसेना कर्मी बेहोश हो गए और उन्हें हेलिकॉप्टर से मुंबई में नौसेना के अस्पताल आइएनएस अश्विनी ले जाया गया। हादसे के कारण का पता लगाने के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी की अगुआई में बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिया गया है।


