Published On:Friday, March 21, 2014
Posted by NJFI media
AAP को जवाब: 'गैस मूल्य वृद्धि से LPG महंगा नहीं होगा'
नई दिल्ली
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने आम आदमी पार्टी के आरोपों का एक बार फिर से खंडन किया है। रिलायंस ने 'आप' के इन आरोपों को 'झूठी अफवाह' बताया, जिसमें कहा गया है कि प्राकृतिक गैस का मूल्य दोगुना होने से घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कीमत भी दोगुनी हो जाएगी और खाद्य वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ेंगी।
रिलायंस ने भी 'आप' की ही तरह ऑनलाइन मीडिया का उपयोग करते हुए जवाब दिया है। यूट्यूब पर अपलोड किए गए विडियो में कंपनी ने कहा कि केजी डी6 से उत्पादित गैस का इस्तेमाल एलपीजी विनिर्माण में नहीं किया जा रहा है और इसलिए अगले महीने (1 अप्रैल) से गैस मूल्य में वृद्धि का रसोई गैस की कीमतों पर कोई असर नहीं होगा।
यूट्यूब पर अपलोड किए गए विडियो में रिलायंस ने यह भी तर्क दिया है कि खाद्य वस्तुओं का परिवहन करने वाले माल वाहक भी प्राकृतिक गैस पर नहीं चलते, बल्कि डीजल पर चलते हैं। इसलिए गैस मूल्य वृद्धि का उन पर कोई असर नहीं होगा। समाचार के रूप में तैयार इस विडियो में आम आदमी पार्टी द्वारा किए जा रहे दावों को खारिज करने की कोशिश की गई है।

