Published On:Saturday, March 1, 2014
Posted by NJFI media
मोदी के लिए रामदेव का जनसंपर्क अभियान शुरू
नई दिल्ली [जासं]। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के लिए समर्थन जुटाने के लिए आगामी 23 मार्च को रामलीला मैदान में योग महोत्सव होगा। इसके अलावा छह सौ शहरों में इसी दिन एक साथ योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसे सफल बनाने के लिए योग गुरु बाबा रामदेव ने शनिवार को जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के लिए पांच सौ स्वयंसेवकों की टीम बनाई गई हैं।
बाबा रामदेव ने दिल्ली में पांच सौ परिवारों से घर-घर जाकर मुलाकात की और लोगों को निमंत्रण स्वरूप पीले चावल देकर भेंट पत्र सौंपे। भेंट पत्र में बताया गया है कि देश के लिए मोदी का प्रधानमंत्री बनना क्यों जरूरी है। रामदेव ने बताया कि स्वयंसेवक योग महोत्सव को सफल बनाने के लिए घर-घर जाकर लोगों से मिलेंगे और मोदी के लिए समर्थन जुटाएंगे। उन्होंने अपील की कि अपने मत को खराब न करें बल्कि राष्ट्रहित में वोट दें। योग महोत्सव आयोजन समिति के प्रवक्ता एसके तिजारावाला ने बताया कि शहीदी दिवस पर 10 करोड़ देशभक्त महोत्सव से जुड़ेंगे।


