Published On:Monday, March 17, 2014
Posted by NJFI media
आसाराम केस:गवाही देने वाले पर ऐसिड अटैक
सूरत (एसएनएन): यौन शोषण के आरोप में जेल की सजा काट रहे आसाराम बापू के खिलाफ गवाही देने वाले व्यक्ति पर तेजाब से हमला किया गया है. हमलावर मोटर साइकिल सवार थे. ये घटना रविवार की है. खबरों के मुताबिक हमलावरों ने पहले उसका पीछा किया फिर घर के नजदीक ही उसपर तेजाब से हमला किया. हालांकि एक हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि आसाराम के खिलाफ गवाही देने वाला शख्स पहले उनका ड्राइवर रह चुका है.
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित का नाम दिनेश भावचंदानी है जिसकी उम्र 39 साल है. उन्होंने बताया कि ये घटना उस समय हुई, जब दिनेश वेसू रॉयल रेसीडेंसी स्थित अपने घर जा रहा था. तभी दो बाइक सवारों ने उन्हें ओवरटेक किया और उनके ऊपर तेजाब फेंक दिया.
पीड़ित को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आसाराम और नारायण साईं के खिलाफ बयान देने वालों पर हमले की ये तीसरी घटना है. दिनेश सहित इन तीनों ही गवाहों ने पुलिस सुरक्षा लेने से मना कर दिया था. बाकी सभी गवाहों को पर्याप्त सुरक्षा दी गई है.
गौरतलब है कि आसाराम नाबालिग लड़की से दुष्कर्म मामले में जोधपुर जेल में हैं. उनके खिलाफ सूरत की एक महिला ने भी ऐसा ही आरोप लगाया था. इस महिला की छोटी बहन ने आसाराम के बेटे नारायण के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया था.

