Published On:Tuesday, March 4, 2014
Posted by NJFI media
सुब्रत रॉय पर वकील ने फेंकी स्याही, कोर्ट ने फटकारा, नहीं मानी दो महीने में पैसे चुकाने की दलील
नई दिल्ली. सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत रॉय मंगलवार को
सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए तो उन्हें जज के काफी तल्ख शब्द सुनने पड़े।
रॉय ने समन का आदर नहीं करने के लिए बिना शर्त माफी भी मांग ली। उनके वकील
ने दो महीने में निवेशकों के पैसे लौटा देने की दलील भी दी। लेकिन, जज इससे
शांत नहीं हुए। जज ने कहा, 'यह तो हम दो साल से सुनते आ रहे हैं।' (जानें पूरा मामला )
कोर्ट ने सुब्रत रॉय से कहा, 'हम आपका सम्मान करते हैं, लेकिन आप
हमारा सम्मान करने में असफल रहे।' इस पर सुब्रत रॉय ने तत्काल माफी
मांगी। सहारा प्रमुख की इस माफी को कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। लेकिन, जब
सुब्रत रॉय के वकील राम जेठमलानी ने कोर्ट ने कहा कि सहारा निवेशकों का
बकाया पैसा दो महीने में लौटा देगी, तो जज नहीं माने।
कोर्ट में सुनवार्इ के दौरान सुब्रत रॉय ने संपत्ति बेचकर निवेशकों का
पैसा लौटाने की बात कही, लेकिन कोर्ट ने इसे नकार दिया। सुनवाई के दौरान
रॉय ने कहा कि हमने सेबी को पिछले 15-16 महीनों में पांच हजार करोड़ रुपए
दिए हैं, लेकिन सेबी ने निवेशकों को एक करोड़ से ज्यादा नहीं चुकाए।
सुब्रत रॉय ने कोर्ट से कहा कि वे 22 हजार करोड़ रुपए की बैंक गारंटी देने
को तैयार हैं।
कोर्ट परिसर में सुब्रत रॉय पर फेंकी गई स्याही
इससे पहले सुब्रत रॉय सहारा पर सुप्रीम कोर्ट परिसर में काली स्याही
फेंकी गई। यह घटना उस समय हुई जब वे पेशी के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे।
जिस व्यक्ति ने सुब्रत रॉय पर स्याही फेंकी
है, उसका नाम मनोज शर्मा है और वह ग्वालियर का रहने वाला है। उसने खुद को
पेशे से वकील बताया। बताया जाता है कि घटना के बाद मनोज के साथ कुछ लोगों
ने मारपीट भी की। पुलिस ने मनोज को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ
की जा रही है। घटना के बाद कोर्ट परिसर का दरवाजा बंद कर दिया गया है और
लोगों का आना-जाना सीमित कर दिया है।
सुब्रत रॉय को बताया चोर
सुब्रत रॉय पर स्याही फेंकने के बाद मनोज ने अपनी शर्ट भी उतारकर
फेंक दी। जब लोगों ने उससे पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया, तो उसने सुब्रत
रॉय को चोर बताया और कहा कि उन्होंने गरीबों का पैसा खाया है। बताया जाता
है मनोज निवेशकों के पैसे न लौटाए जाने से सुब्रत रॉय से नाराज था।
पहले भी हुए हैं कोर्ट परिसर में हमले
सुब्रत रॉय सहारा पर सुप्रीम कोर्ट परिसर में फेंकी गई स्याही पहला
मामला नहीं है। इससे पहले भी कोर्ट परिसर में पेशी पर आए लोगों पर हमले
होते रहे हैं। कुछ मामले इस प्रकार हैं-
2010: रुचिका गिरहोत्रा छेड़छाड़ मामले में आरोपी बनाए गए
हरियाणा के पूर्व डीजीपी एसपीएस राठौड़ पर एक स्थानीय कोर्ट के बाहर एक
शख्स ने चाकू से हमला कर दिया था। हमला करने वाले शख्स का नाम उत्सव
शर्मा था।
2011: आरुषि हत्याकांड में पेशी के लिए गाजियाबाद कोर्ट
पहुंचे आरुषि के पिता डॉक्टर राजेश तलवार पर उत्सव शर्मा ने ही चाकू से
हमला कर दिया था। इस हमले में राजेश तलवार घायल हो गए थे।


