Published On:Friday, March 28, 2014
Posted by NJFI media
सुप्रीम कोर्ट ने गावसकर को सौंपी बीसीसीआई की कमान, आईपीएल पर बैन नहीं
नई दिल्ली. आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले की सुनवाई कर रहे सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को अपना फैसला सुनाया। कोर्ट ने अपने फैसले के तहत सुनील गावसकर को बीसीसीआई की अंतरिम कमान सौंप दी है। गावसकर को आईपीएल तक बीसीसीआई का अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया है। कोर्ट ने कहा कि आईपीएल बाद बीसीसीआई के उपाध्यक्ष शिवलाल बोर्ड के अध्यक्ष होंगे।
उधर, आईपीएल-7 के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर भी कोर्ट के फैसले के बाद विराम लग गया है। इस टूर्नामेंट के सभी मैच तय समय पर होंगे। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में आईपीएल की किसी टीम को खेलने से रोकने पर आदेश देने से इनकार कर दिया। इससे पहले कोर्ट से मांग की गई थी कि चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के मैच खेलने पर प्रतिबंध लगाया जाए। आईपीएल मैचों में स्पॉट फिक्सिंग के मामले पर अब अगली सुनवाई 16 अप्रैल को होगी। इस बारे में सुप्रीम कोर्ट की तरफ से गठित मुदगल समिति ने जो रिपोर्ट तैयार की है, उसके हर पहलू को देखा जाएगा।
क्या कहा सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बीसीसीआी अंतरिम अध्यक्ष के रूप में काम के लिए गावसकर को भुगतान करेगा। कोर्ट ने बीसीसीआई से कमेंट्री के लिए गावसकर का अनुबंध खत्म करने को कहा है। कोर्ट ने आईपीएल-7 पर रोक नहीं लगाने का फैसला किया और टूर्नामेंट में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्सके खेलने पर हामी भर दी। अपने फैसले में कोर्ट ने कहा, हम किसी खिलाड़ी या टीम को आईपीएल में शामिल होने से नहीं रोकेंगे और आईपीएल के सातवें संस्करण के मैच तय कार्यक्रम के मुताबिक होंगे।

