Published On:Tuesday, April 15, 2014
Posted by NJFI media
प्रियंका का भाई पर फिर हमला, बोलीं- विश्वासघाती हैं वरुण, परिवार से किया धोखा
नई दिल्ली. प्रियंका गांधी के रास्ते भटकने वाले बयान पर उनकी और वरुण गांधी के बीच तीखी जुबानी जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को प्रियंका गांधी ने अमेठी में वरुण गांधी पर एक बार फिर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वरुण ने उनके परिवार के साथ विश्वासघात किया है। इससे पहले, वरुण गांधी ने मंगलवार को सुल्तानपुर सीट से बीजेपी की ओर से अपना पर्चा दाखिल करने के बाद बहन प्रियंका गांधी को रास्ता भटकने वाले बयान का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी लक्ष्मण रेखा पार नहीं की और उनका रास्ता देश का रास्ता है। इसके साथ वरुण ने प्रियंका से राजनीति में व्यक्तिगत हमलों से बचने की गुजारिश की। गौरतलब है कि शनिवार को प्रियंका गांधी ने वरुण को लेकर कहा था कि वे उनके परिवार के हैं और उनके भाई हैं, लेकिन वे रास्ता भटक गए हैं। प्रियंका के इस बयान के बाद उनकी चाची मेनका गांधी भड़क गई थीं और कहा था कि रास्ता कौन भटका है यह जनता बताएगी।
उधर, संजय बारू और पीसी पारिख की किताब में पीएम को कमजोर बताने के मुद्दे पर प्रियंका ने सख्त ऐतराज जताया है। प्रियंका ने मनमोहन सिंह को सुपर पीएम बताया है। वहीं पीएम की बेटी उपिंदर सिंह ने कहा है कि संजय बारू ने अनैतिक और विश्वासघात का काम किया है।

