Published On:Sunday, May 18, 2014
Posted by NJFI media
LIVE: नई कैबिनेट का खाका तैयार करने में जुटी बीजेपी, आडवाणी से उनके घर जाकर मिले मोदी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने केंद्र में नई सरकार बनाने के दिशा में कोशिशें तेज कर दी हैं। इसके लिएनरेंद्र मोदी अपनी नई कैबिनेट के गठन के लिए आज दिल्ली स्थित गुजरात भवन में भाजपा और संघ नेताओं के साथ बैठक की। इसके बाद नरेंद्र मोदी आडवाणी से मिलने उनके घर पहुंचे । जहां से मोदी वापस गुजरात भवन आ गए। फिलहाल लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान और उनके बेटे चिराग पासवान भावी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने नई दिल्ली स्थित गुजरात भवन पहुंचे हैं।
दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक बातचीत हुई। नरेंद्र मोदी की आडवाणी से मुलाकात को खासा अहम माना जा रहा है। इस बात के प्रयास किए जाते रहे हैं 86 वर्षीय नेता को पार्टी के सभी महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी जाए। इस सिलसिले में पार्टी महासचिव अनंत कुमार ने मोदी से पहले आडवाणी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। गौरतलब है कि आडवाणी ने शुरू में मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाये जाने का विरोध किया था। मोदी सरकार में आडवाणी की भूमिका क्या होगी इस पर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही है। इस बीच खबर यह भी आई थी कि आडवाणी लोकसभा स्पीकर बनने के लिए तैयार हो गए हैं।
मोदी शनिवार रात वाराणसी में गंगा आरती के बाद वह दिल्ली लौट आए और उन्होंने रात गुजरात भवन में गुजारी। मोदी से सुबह मुलाकात करने के लिए बीएस येदियुरप्पा पहुंचे। उनके अलावा अमित शाह, धर्मेंद्र प्रधान और जेपी नड्डा भी मोदी से मिलने पहुंचे। दो दिनों तक जीत का जश्न मनाने के बाद आज पूरे दिन मोदी और बीजेपी के वरिष्ठ नेता आगे की रणनीति बनाएंगे। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान नए मंत्रिमंडल का खाका तैयार किया जाएगा और नई सरकार में किसकी क्या भूमिका होगी, यह करीब-करीब तय हो जाएगा।
राजनाथ से मिले पी.ए. संगमा
नेशनल पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष पी.ए. संगमा ने भी बीजेपी अध्यक्ष राजनाथ सिंह से मुलाकात की। बैठक के बाद पी.ए. संगमा ने मीडिया से कहा कि वह बीजेपी और एनडीए की जीत पर राजनाथ सिंह को बधाई देने आए थे। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और यह बदलाव नरेंद्र मोदी और राजनाथ सिंह के नेतृत्व में देश में होगा।

