Published On:Monday, October 21, 2013
Posted by NJFI media
खुलते ही लाल निशान में पहुंचा शेयर बाजार
नई दिल्ली। घरेलू बाजारों पर अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले सुस्त संकेतों का असर साफ दिखाई दिया। बाजारों की शुरुआत लाल निशान के साथ हुई। साथ ही रुपये की कमजोरी से भी बाजार पर और दबाव बना दिया। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया गिरकर 61.79 के स्तर पर आ गया है।
30 शेयरों वाला बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 32.5 अंक की गिरावट के साथ 20,861.3 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, 50 शेयरों वाला नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 10.5 अंक टूटकर 6,194.5 पर आ गया है। बैंक, ऑयल एंड गैस, रियल्टी और ऑटो शेयरों की पिटाई से बाजार में सुस्ती है। हालांकि आईटी, कैपिटल गुड्स, टेक्नोलॉजी, पावर और कंज्यूमर ड्युरेबल्स शेयरों में खरीदारी आई है। दिग्गज शेयरों की गिरावट के बावजूद मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तेजी आई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों की बात करें तो हफ्ते के पहले दिन नैस्डैक 13 साल की ऊंचाई पर बंद हुआ। हालांकि सितंबर के सरकारी जॉब रिपोर्ट से पहले अमेरिकी बाजारों में सुस्ती देखी गई है। सितंबर में नॉन फार्म पे-रोल बढ़कर 1,80,000 रहने का अनुमान है। सितंबर में 7.3 फीसद बेरोजगारी दर का अनुमान है जो 3.5 साल का निचला स्तर है।

