Published On:Sunday, December 29, 2013
Posted by NJFI media
180 करोड़ क्लब की क्वीन हैं दीपिका पादुकोण
नई दिल्ली। 100 करोड़ क्लब में अगर सलमान खान, आमिर खान और शाहरुख खान जैसे सितारों की दबंगई चलती है तो बॉक्स ऑफिस के 180 करोड़ क्लब का उस्ताद कोई एक्टर नहीं, बल्कि एक्ट्रेस है। इस अदाकारा का नाम है दीपिका पादुकोण, जिनकी दो-दो फिल्में 180 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है।
दिलचस्प बात यह है कि बॉलीवुड में ऐसा कोई अभिनेता भी नहीं है, जिसकी दो-दो फिल्मों ने 180 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया हो। इस साल रणबीर कपूर के साथ आई दीपिका की फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' ने पहले यह जादुई आंकड़ा पार किया था और उसके बाद शाहरुख खान के साथ आई उनकी फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस ने पहले 180 करोड़ का आंकड़ा पार करने के बाद ये जवानी है दीवानी को पछाड़ दिया। इन दोनों फिल्मों ने दीपिका को फिलहाल बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्री बना दिया है और उनकी डिमांड तेजी से बढ़ रही है।
दीपिका के अलावा करीना और कट्रीना की एक-एक फिल्में 180 करोड़ के क्लब में शामिल हो चुकी हैं। कट्रीना की फिल्म 'एक था टाइगर' ने यह कमाल किया था और करीना ने आमिर खान के साथ मिलकर थ्री इडियट्स के जरिए यह आंकड़ा छुआ था। अगर दिवाली पर रिलीज होने वाली आमिर खान और कट्रीना की फिल्म 'धूम 3' 180 करोड़ का क्लेक्शन करती है तो कैट दीपिका की बराबरी कर लेंगी और आमिर यह कारनामा दो बार करने वाले पहले अभिनेता बन सकते हैं।


