Published On:Friday, December 27, 2013
Posted by NJFI media
नांदेड़ एक्सप्रेस की एसी कोच में लगी आग, 23 यात्री जिंदा जले
हैदराबाद। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में बेंगलूर-नांदेड़ एक्सप्रेस की एसी बोगी में शनिवार सुबह आग लगने से 2 बच्चों समेत 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 लोग बुरी तरह से झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी एवं प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने इस हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया है।
नांदेड़ एक्सप्रेस शुक्रवार रात 11 बजे महाराष्ट्र के नांदेड़ के लिए बेंगलूर से रवाना हुई थी। इसी क्रम में आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में तड़के 3 बजकर 30 मिनट पर इस ट्रेन की एसी बोगी में आग लग गई। अनंतपुर के जिलाधिकारी, लोकेश कुमार ने बताया कि इस हादसे में अब तक 2 बच्चों समेत 23 लोगों के मारे की सूचना है। उन्होंने बताया कि रेलवे के आलाधिकारियों के नेतृत्व में राहत व बचाव कार्य जारी है। हादसे के बाद आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि किसी को भी भागने का मौका नहीं मिला। शुरुआती छानबीन के अनुसार आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है।
वहीं, प्रधानमंत्री ने इस घटना पर गहरा शोक प्रकट करते हुए रेलमंत्री मल्लिका खड़गे से बातचीत की और राहत व बचाव कार्यो के संबंध में जानकारी ली है। रेलमंत्री ने इस घटना की जांच के आदेश देते हुए मृतकों के परिवारवालों को पांच-पांच लाख रुपया मुआवजे के तौर पर देने की घोषणा की है। इसके साथ हादसे में गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एक-एक लाख रुपये और सामान्य रूप से घायलों को पचास-पचास लाख रुपये देने का ऐलान किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार जिस एसी कोच में आग लगी, उसमें 64 यात्री सवार थे। घायलों को धर्मावरम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हेल्पलाइन नंबर
बेंगलूर : 080-22354108, 22259271, 22156551, 22156554
एसएसपी निलायम स्टेशन : 085-55280125, 09731666863


