Published On:Tuesday, December 17, 2013
Posted by NJFI media
राज्यसभा में लोकपाल बिल पास: अन्ना हुए खुश, AAP ने बताया 'काला दिन
नई दिल्ली. लोकपाल बिल संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा में मंगलवार को पास हो गया। लोकपाल बिल पास होते ही रालेगण सिद्धि में जश्न मनाया गया है। लोकपाल की मांग को लेकर अनशन पर बैठे अन्ना हजारे ने बिल पास करने के लिए राज्यसभा के सभी सदस्यों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि लोकपाल बिल आने से देश में 50 प्रतिशत भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने कहा- आज काला दिन है। इस बिल से भ्रष्टाचार खत्म होने वाला नहीं है।
बहरहाल, अन्ना हजारे ने लोकसभा सांसदों से अपील की है कि राज्यसभा सांसदों की तरह वे भी लोकपाल बिल को पास करने में सहयोग करें। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने बताया कि राज्यसभा से बिल पास होने के बाद बुधवार को लोकसभा में फिर से पेश किया जाएगा।
आपको बता दें कि यह बिल लोकसभा से 2011 में ही पास हो चुका है, लेकिन इसके बाद बिल में कई संशोधन किए गए और मंगलवार को इसे राज्यसभा में पास कर दिया। अब बिल लोकसभा में जाएगा और अगर वहां यह पास हो गया तो अन्ना हजारे अपना अनशन तोड़ देंगे।
अन्ना ने लोकपाल के संबंध में राहुल गांधी की ओर से किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की है। राहुल और अन्ना का एक-दूसरे की तारीफ करना सियासी गलियारों हलचल पैदा कर रहा है।


