Published On:Monday, January 13, 2014
Posted by NJFI media
ऑस्ट्रेलियन ओपन से बाहर हुईं वीनस विलियम्स
मेलबर्न। विश्व की पूर्व सर्वोच्च वरीय महिला टेनिस स्टार अमेरिका की वीनस विलियम्स साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन के एकल वर्ग से बाहर हो गई हैं। वीनस को सोमवार को पहले दौर में हार मिली। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक सात बार की ग्रैंड स्लैम विजेता वीनस को विश्व की 22वीं वरीय एकातेरिना माकारोवा हराया। माकारोवा ने यह मैच 2-6, 6-4, 6-4 से जीता।पहले सेट में वीनस अपनी ख्याति के मुताबिक खेलीं। उन्होंने माकारोवा की सर्विस तीन बार ब्रेक की और 33 साल की उम्र में टूर्नामेंट की दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी के तौर पर पहला मैच जीतने की ओर से बड़ा कदम बढ़ाया। दूसरे सेट में हालांकि वीनस अपने खेल पर ध्यान नहीं लगा सकीं। वह कई मौकों पर ब्रेक प्वाइंट हासिल करने से चूकीं। इसके बाद वीनस का खेल लगातार गिरता रहा और उन्होंने आगे के सेट में 21 गलतियां की।मैच के बाद वीनस ने कहा, कि मैं इस जीत के लिए माकारोवा को श्रेय देना चाहूंगी। वह जीत के लिए कृतसंकल्प थीं और उनके खेल में यह साफ दिख रहा था। वीनस ने 14वीं बार ऑस्ट्रेलियन ओपन में हिस्सा लिया और दूसरी बार पहले दौर में हारीं। 2003 में वह मेलबर्न पार्क में उपविजेता रही थीं। फाइनल में वह अपनी ही बहन सेरेना विलियम्स से हार गई थीं। माकारोवा अब दूसरे दौर में अमेरिका की फाल्कोनी इरिना से भिड़ेंगी।


