Published On:Friday, January 17, 2014
Posted by NJFI media
रात भर रोते रहे शशि थरूर, सीने में दर्द के बाद एम्स में हुए भर्ती
नई दिल्ली. केंद्रीय मंत्री शशि थरूर के सीने में दर्द के बाद शनिवार सुबह उन्हें एम्स के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। थरूर के नजदीकियों ने बताया कि वे अपनी पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत से सदमे में थे और वे रात भर रोते रहे थे।
वहीं सुनंदा पुष्कर का शव एम्स ले जाया गया है। पोस्टमार्टम शनिवार सुबह 10 बजे होने की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए डॉक्टरों का एक पैनल बनाया जाएगा। सुनंदा पुष्कर के भाई भी एम्स के पोस्टमार्टम हाउस पहुंच चुके हैं। सुनंदा की मौत पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी शोक व्यक्त किया है।
शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे उनका शव फाइव स्टार होटल लीला के कमरा नंबर 345 में मिला था। सुनंदा गुरुवार सुबह से ही होटल में थीं। शुक्रवार साढ़े तीन बजे उन्हें आखिरी बार होटल लॉबी में देखा गया था। सुनंदा गुरुवार से ही होटल में ठहरी हुई थीं। शशि थरूर भी होटल आए थे। थरूर शुक्रवार दिन में एआईसीसी की बैठक में हिस्सा लेने तालकटोरा स्टेडियम चले गए थे। यह भी खबर आ रही है कि सुनंदा और शशि थरूर के रिश्तों में 12 महीने पहले ही दारर पड़ चुकी थी।
पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार और शशि थरूर के ट्वीट को लेकर सुनंदा परेशान थीं। बुधवार को वे ट्वीट सामने आए थे। बाद में शशि ने कहा था कि उनका अकाउंट हैक किया गया है। लेकिन सुनंदा ने शशि और मेहर के खिलाफ कई ट्वीट किए थे। मेहर को आईएसआई एजेंट बताया था। फिर गुरुवार को शशि और सुनंदा ने संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि उनके बीच कोई मतभेद नहीं है। हालांकि उस बयान के बाद भी सुनंदा ट्विटर पर ज्यादा सक्रिय नहीं थीं। मेहर ने भी थरूर से किसी तरह के संबंधों से इनकार किया था।
घटना को लेकर अलग बयान शशि के निज सचिव के मुताबिक
शशि के निज सचिव अभिनव ने बताया कि दिल्ली वाले बंगले में पुताई का काम चल रहा था। इसलिए शशि और सुनंदा गुरुवार को होटल में रह रहे थे। शशि दिनभर एआईसीसी की बैठक में थे। रात सवा आठ बजे वे होटल पहुंचे। शशि को कर्मचारी ने बताया कि वे बहुत देर से आराम कर रही हैं। शशि ने अंदर जाकर देखा तो सुनंदा की हालत ठीक नहीं लगी। फौरन डॉक्टर को बुलाया गया। जिसने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक
होटल के सुइट में बहुत देर से हलचल नहीं हो रही थी। होटल के कर्मचारी ने शाम 7बजे दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। दूसरी चाबी से सुइट का रूम खोला गया। सुनंदा अचेत थी। पुलिस बुलाई गई। पुलिस होटल के डॉक्टर के साथ मौके पर पहुंची तो उनकी मौत हो चुकी थी। उसके बाद शशि थरूर को जानकारी दी गई।


