Published On:Friday, January 17, 2014
Posted by NJFI media
मुंबई के गिरगांव में शुक्रवार देर रात 3 बजे भगदड़ मचने से 18 लोगों की मौत हो गई।
मुंबई. मुंबई के गिरगांव में शुक्रवार देर रात 3 बजे भगदड़ मचने से 18 लोगों की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में 40 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। यह हादसा बोहरा समाज के धर्मगुरु सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन के अंतिम दर्शन के समय हुआ। बुरहानुद्दीन की शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। वे 102 साल के थे। पुलिस ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।
पुलिस ने बताया कि यहां धर्मगुरु के अंतिम दर्शन के लिए पूरी दुनिया से करीब 2 से 2.5 लाख लोग मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक उनके शव को शुक्रवार देर रात अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। अंतिम दर्शन की जल्दबाजी के कारण वहां भगदड़ मच गई। मुंबई पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अधिकतर लोगों की मौत दम घुटने से हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वहां पुलिस के बंदोबस्त सही नहीं थे और सिर्फ 1.5 हजार पुलिसकर्मियों को ही लगाया था। ऐसे में जब भगदड़ मची तो वे लोगों को नहीं रोक पाए और इसमें लोगों की मौत हो गई।
बुरहानुद्दीन को शनिवार को भिंडी बाजार स्थित बोहरा समाज के कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। हादसे से सबक लेते हुए अब प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था अपने हाथ में ले ली है।


