Blogger Widgets
Headlines
Blogger Tips and TricksLatest Tips And TricksBlogger Tricks
Published On:Wednesday, February 26, 2014
Posted by NJFI media

और कोहली ने आखिर दिला दी 2014 की पहली जीत

फातुल्लाह। कप्तान विराट कोहली की शानदार शतकीय पारी की बदौलत भारत ने बुधवार को एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में मेजबान बांग्लादेश को एक ओवर शेष रहते छह विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की। बांग्लादेश के 279 रनों का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 49 ओवर में छह विकेट पर 280 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस जीत में कोहली ने कप्तानी पारी खेलते हुए 122 गेंदों पर 16 चौकों और दो छक्कों की मदद से 136 रन बनाए।
बड़े लक्ष्य के सामने भारत की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी। उसने 54 रन तक दोनों सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा (21) और शिखर धवन (28) के विकेट गंवा दिए थे। उसके बाद विराट और अंजिक्य रहाणे ने कमान संभाली और तीसरे विकेट पर 203 रन की साझेदारी की। इस जोड़ी के अलग होने तक भारत मंजिल के करीब पहुंच चुका था। रहाणे ने 73 रन बनाकर कप्तान का भरपूर साथ दिया। उन्होंने 83 गेंदों पर सात चौके और एक छक्का लगाया।
पिछले कुछ समय से जीत को तरस रही भारतीय टीम के लिए यह जीत काफी मायने रखती है। इस जीत से न केवल टीम इंडिया ने एशिया कप में शानदार शुरुआत की है, बल्कि टीम का मनोबल बढ़ाने में भी यह अहम भूमिका अदा करेगी। साथ ही विराट कोहली के करियर के लिए भी यह जीत काफी अहम है, क्योंकि वह पहली बार किसी बड़े टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी कर रहे हैं।
इससे पहले अपने करियर का दूसरा शतक लगाने वाले कप्तान मुशफिकुर रहीम (117) की शानदार पारी और एनामुल हक (77) के अर्धशतक की बदौलत बांग्लादेश ने टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 279 रन बनाए। कप्तान ने 113 गेंदों पर सात चौके और दो छक्के लगाए। हक ने 106 गेंदों का सामना कर पांच चौके और तीन छक्के लगाए।
बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने 49 रनों के कुल योग पर शम्सुर रहमान (7) और मोमिनुल हक (23) के विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद हक और रहीम ने तीसरे विकेट के लिए 133 रनों की साझेदारी की। हक का विकेट 182 के स्कोर पर वरुण एरोन ने लिया। इसके बाद रहीम ने नईम इस्लाम (14) के साथ चौथे विकेट के लिए 49 रन जोड़े। इस्लाम की विदाई के बाद मुशफिकुर ने अपने करियर का दूसरा शतक पूरा किया। यह आलोक कपाली के बाद किसी बांग्लादेशी बल्लेबाज का भारत के खिलाफ पहला शतक है।
मुशफिकुर का शतक पूरा होने के तुरंत बाद मुहम्मद शमी ने नासिर हुसैन (1) को ज्यादा देर विकेट पर टिकने नहीं दिया, लेकिन कप्तान ने एक बार फिर पारी को संवारने के प्रयास में जियाउर रहमान (18) के साथ छठे विकेट के लिए 29 रनों की साझेदारी कर डाली। रहमान का विकेट 270 के योग पर गिरा, जबकि शमी की गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में मुशफिकुर 276 के स्कोर पर रोहित शर्मा के हाथों लपके गए। भारत की ओर से शमी ने 10 ओवर में 50 रन देकर चार विकेट लिए जबकि भुवनेश्वर कुमार, वरुण एरोन और रविचंद्रन अश्विन को एक-एक सफलता मिली।

About the Author

Posted by NJFI24x7.in on 9:23 PM. Filed under . You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0. Feel free to leave a response

By NJFI media on 9:23 PM. Filed under . Follow any responses to the RSS 2.0. Leave a response

0 comments for "और कोहली ने आखिर दिला दी 2014 की पहली जीत"

Leave a reply

njfi

___________________________

MAHAAPOR V NIGAM COMMITIONER KE PUTLE KO DI FAANSI .

Like Us On Facebook

    व्यूअर संख्या

    web site hit counter