Published On:Thursday, February 27, 2014
Posted by NJFI media
हवाला से 6,530 करोड़ की हेरफेर में मुकेश अंबानी का हाथ: AAP
नई दिल्ली
अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने मुकेश अंबानी पर फिर निशाना साधा है। पार्टी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि मुकेश अंबानी 6,530 करोड़ रुपए हवाला के जरिए इधर से उधर करने में शामिल रहे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने इस पर नाराजगी जताई और आरोप का खंडन किया। AAP के नेता प्रशांत भूषण ने एक बयान में कहा कि सिंगापुर में तैनात रहे इंडियन डिप्लोमैट्स ने एक खुफिया जानकारी दी थी, लेकिन यूपीए सरकार ने उस पर जांच कराना मुनासिब नहीं समझा। बयान के मुताबिक, डिप्लोमट्स ने बताया था कि अंबानी फैमिली की रिलायंस गैस ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को सिंगापुर की एक ऐसी कंपनी बेशुमार रकम ट्रांसफर कर रही है, जिसकी अपनी कोई आमदनी ही नहीं है।
भूषण ने अगस्त 2011 में इंडियन हाई कमिशन की ओर से सरकार को जारी एक नोट की कॉपियां बांटीं, जिसमें कहा गया था कि महज एक कमरे से काम चलाने वाली बॉयोमेट्रिक्स मार्केटिंग ने इंडिया में 6,530 करोड़ रुपए इन्वेस्ट किए थे। इसमें से लगभग आधी रकम RGTIL में गई, करीब 1850 करोड़ रुपए रिलायंस पोर्ट्स में और 200 करोड़ रुपए रिलायंस यूटिलिटीज लिमिटेड में गए।
AAP ने कहा कि इससे बिल्कुल साफ है कि रिलायंस भारत में गलत तरीके से जुटाया गया मुनाफा (खासतौर से केजी बेसिन गैस से) हवाला के जरिए सिंगापुर से लाकर मुकेश अंबानी के खातों में जमा कर रही है। रिलायंस ने इन आरोपों का खंडन किया और कहा कि बायोमेट्रिक्स की ओर से इन्वेस्टमेंट पूरी तरह वैध था, इसमें नियमों का पालन किया गया था और बायोमेट्रिक्स ने सिंगापुर में आईसीआईसीआई बैंक से कर्ज लेकर इन्वेस्टमेंट किया था।

