Published On:Wednesday, February 5, 2014
Posted by NJFI media
कोलकाता रैलीः मोदी ने खेला इमोशनल कार्ड, गलती भी की
कोलकाता
बीजेपी के पीएम कैंडिडेट नरेंद्र मोदी बुधवार को अपनी कोलकाता रैली में इमोशनल कार्ड खेलते नजर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इंदिरा गांधी की हत्या के बाद और फिर 2004 में सोनिया गांधी के पीछे हटने पर सबसे वरिष्ठ प्रणव मुखर्जी को प्रधानमंत्री बनाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने कहा, 'बंगाल इस बात को याद रखे।'
कोलकाता में नरेंद्र मोदी की जनचेतना रैली में अच्छी-खासी भीड़ जुटी। इस भीड़ को देखकर मोदी ने बांग्ला में कहा कि हर ओर मुंड ही मुंड दिख रहे हैं, ऐसा जनसमुदाय देखकर मेरा मन प्रसन्न हो गया। उन्होंने टूटी-फूटी बांग्ला में अपने भाषण की शुरुआत की, जिस पर ट्विटर पर चुटकियां भी ली गईं। करीब दो मिनट तक बांग्ला में बोलने के बाद वह हिंदी में बोलने लगे। बीच में उन्होंने एक बार गुरुदेव टैगोर को भी बांग्ला में उद्धृत किया।
थर्ड फ्रंट पर हमला: नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में थर्ड फ्रंट पर जमकर हमला बोला। बुधवार को ही दिल्ली में थर्ड फ्रंट बनाने के लिए लेफ्ट और दूसरी पार्टियों की बैठक चल रही थी। मोदी ने कहा, 'दिल्ली में जुटे थर्ड फ्रंट के नेता हेलिकॉप्टर से आएं और यहां का नजारा देखें। वे समझ लें कि देश ने अपना फैसला कर लिया है।' मोदी ने कहा कि थर्ड फ्रंट के नेताओं ने देश को बर्बाद कर दिया है, उन्हें देश की राजनीति से दूर रखने की जरूरत है।


