Published On:Tuesday, February 11, 2014
Posted by NJFI media
अमर सिंह का साथ छोड़ कांग्रेस में शामिल होगी जयाप्रदा
नई दिल्ली। सिने स्टार और रामपुर से सांसद जयाप्रदा ज्यादा दिनों तक "रामपुर की कली" नहीं रहने वाली है। जया प्रदा कांग्रेस में शामिल हो सकती है। जया प्रदा मुरादाबाद से चुनाव लड़ सकती है। यह सीट टीम इण्डिया के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरूद्दीन खाली कर सकते हैं। अजहर ने कांग्रेस से मुरादाबाद की बजाय किसी अन्य सीट से चुनाव लड़ाने का अनुरोध किया है।
मुलायम सिंह से विवाद के बाद जया प्रदा को राज्यसभा सांसद अमर सिंह के साथ समाजवादी पार्टी से निकाल दिया गया था। जया प्रदा ने सपा के टिकट पर दो बार रामपुर से लोकसभा चुनाव लड़ा और सांसद बनी। समाजवादी पार्टी से निकाले जाने केबाद से जया प्रदा दूसरा प्लेटफॉर्म तलाश रही थी।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस में शामिल होने के विकल्प तलाशने के लिए जयाप्रदा ने हाल ही में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। कांग्रेस जयाप्रदा को रामपुर से चुनाव नहीं लड़ा सकती। क्योंकि इस सीट से पार्टी की वरिष्ठ नेता नूर बानो चुनाव लड़ती रही है। ऎसे में जया प्रदा को मुरादाबाद से चुनाव लड़ाने पर फैसला हो सकता है।
जयाप्रदान ने दो बार नूर बानो को चुनाव में हराकर राजनीतिक पर्यवेक्षकों को हैरान कर दिया था क्योंकि जया प्रदा बाहरी उम्मीदवार थी। वह आंध्र प्रदेश से आती है जबकि नूर बानो स्थानीय शाही परिवार से है। सूत्रों के मुताबिक जयाप्रदा जल्दबाजी में है क्योंकि लोकसभा चुनाव नजदीक है। अब कांग्रेस को अंतिम फैसला लेना है। सूत्रों के मुताबिक जया प्रदा को लेकर एक हफ्ते में फैसला हो सकता है।
जया प्रदा ने 2004 में रामपुर से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और सांसद बनी। 2009 में आजम खान ने जयाप्रदा को चुनौती दी थी।उस वक्त आजम खान ने सपा के खिलाफ बगावत कर दी थी। आजम खान ने चुनाव के दौरान जया प्रदा के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।


