Published On:Friday, February 21, 2014
Posted by NJFI media
करोड़ों की संपत्ति त्याग पूरे परिवार ने लिया संन्यास, बच्चे भी नहीं जाएंगे स्कूल
पाली। करोड़ों रुपए की अचल संपत्ति, सालाना चार करोड़ रुपए टर्न ओवर का टेक्सटाइल ट्रेडिंग का बिजनेस और भरा-पूरा परिवार छोड़कर संन्यास का निर्णय। वो भी महज 32 वर्ष की उम्र में। यह निर्णय है पाली निवासी मनोज डाकलिया का। उनसे भी बड़ा निर्णय उनकी 30 वर्षीय पत्नी का है, उन्होंने सभी सुख-सुविधाएं छोड़कर संयम पथ पर जाने का फैसला किया।
वहीं, डाकलिया दंपति की दो संतानें भी माता-पिता की ही राह चुनेंगी। बेटा है आठ वर्ष का। नाम- भव्य। जैसा नाम वैसा ही निर्णय। और बेटी खुशी, उम्र 12 वर्ष। वह भी ठीक अपने नाम की तरह खुशी से उस राह पर चल पड़ी, जो बड़े-बड़े संयमी लोगों के लिए सहज नहीं है।
यह पूरा परिवार 1 मई को दीक्षा ग्रहण कर संयम पथ चुनेगा। इसके लिए करीब तीन माह पूर्व ही मनोज ने व्यवसाय और संपत्ति का त्याग कर दिया और उनके बच्चों ने औपचारिक स्कूली शिक्षा का। पूरा परिवार अब जैन धर्म के सिद्धांतों की पढ़ाई कर रहा है।


