Published On:Wednesday, March 5, 2014
Posted by NJFI media
गुजरात में रोका गया केजरीवाल का काफिला, दिल्ली में AAP-BJP कार्यकर्ताओं में खूनी झड़प
नई दिल्ली. गुजरात में आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल के काफिले को रोकने से नाराज 'आप' के कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम दिल्ली में बीजेपी ऑफिस के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं की ओर से पत्थर, कुर्सियां फेंकी गईं। इस झड़प में दोनों पार्टियों के कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चाटें आई हैं। 'आप' कार्यकर्ता केजरीवाल की गिरफ्तारी के लिए भाजपा और गुजरात की मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे थे। उधर, बीजेपी ने इस मामले में 'आप' नेताओं आशुतोष और शाजिया इल्मी के खिलाफ केस दर्ज कराने की तैयारी कर ली है। इस पर आशुतोष का कहना है यदि बीजेपी केस दर्ज कराती है, तो वे इसे चुनौती देंगे।
'आप' कार्यकर्ताओं के बीजेपी ऑफिस के बाहर पहुंचने पर बीजेपी कार्यकर्ता भी बाहर आ गए और दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर जमकर नारेबाजी करने लगे। 'आप' कार्यकर्ताओं के मुताबिक बीजेपी ऑफिस के अंदर से पत्थर, सरिए, कुर्सियां, टमाटर आदि फेंके गए। 'आप' कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारों का प्रयोग किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान 'आप' नेता आशुतोष सहित दोनों पार्टियों के कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें भी आई हैं। धरना स्थल पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात था, लेकिन पुलिस 'आप' कार्यकर्ताओं को रोकने में नाकाम रही। बताया जाता है कि इस प्रदर्शन में 'आप' के करीब 250 कार्यकर्ता मौजूद रहे।

