Published On:Saturday, March 1, 2014
Posted by NJFI media
चार मार्च तक पुलिस हिरासत में ही रहेंगे सहारा प्रमुख
सहारा प्रमुख सुब्रत राय को शुक्रवार सुबह लखनऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सात घंटे तक चले ड्रामे के बाद शाम को उन्हें कड़े विरोध के बीच मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आनंद कुमार की अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने पुलिस की अर्जी पर सहारा प्रमुख को 4 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने राय को राहत न देते हुए गैर जमानती वारंट खारिज करने संबंधी याचिका खारिज कर दी थी। कोर्ट के आदेश के बावजूद निवेशकों के 20 हजार करोड़ रुपये नहीं लौटाने संबंधी कोर्ट की अवमानना के तीन मामलों में सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को सुब्रत राय के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। गुरुवार को लखनऊ पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई थी।
शुक्रवार को एक बार फिर पुलिस सुब्रत राय के घर पहुंची। पुलिस दल ने वारंट पर अमल करने की जानकारी दी। काफी देर मशक्कत के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की। पुलिस ने दावा किया कि उन्हें तीन बजे सीजेएम की कोर्ट में पेश करेगी। लेकिन शाम पांच बजे उन्हें कोर्ट ले जाया गया। कोर्ट ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेजते हुए निर्देश दिए कि 4 मार्च को उन्हें सुप्रीम कोर्ट में पेश किया जाए।


