Published On:Saturday, March 22, 2014
Posted by NJFI media
जसवंत का बीजेपी से रिश्ता खत्म, बाड़मेर से निर्दलीय लड़ेंगे
बाड़मेर. बाड़मेर से लोकसभा टिकट न मिलने से नाराज बीजेपी नेता जसवंत सिंह ने बीजेपी से रिश्ता तोड़ते हुए इस सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। रविवार को बाड़मेर में उन्होंने कहा कि वह सोमवार को बाड़मेर से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान जसवंत सिंह ने बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'न तो मैं जातियों की राजनीति करता हूं और न ही मेरे अंदर किसी तरह का घमंड है।'
मैं कोई मेज कुर्सी नहीं, जिसे एडजस्ट किया जाए: जसवंत
जसवंत सिंह ने पार्टी के एक अन्य नेता द्वारा एडजस्ट करने वाले बयान को अहंकार से भरा बताया। उन्होंने कहा कि मैं कोई मेज या कुर्सी नहीं हूं, जिसे कहीं भी एडजस्ट कर दिया जाए। उन्होंने पार्टी नेता की इस टिप्पणी को अपमानजनक बताया और कहा कि वे एडजस्ट की राजनीति में विश्वास नहीं रखते हैं।
'सपने न देखे कांग्रेस'
किसी अन्य पार्टी के साथ जुड़ने की बात पर जसवंत सिंह ने कहा कि उन्होंने इस बारे में कभी नहीं सोचा। कांग्रेस से जुड़ने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस बारे में कोई सपना नहीं देखना चाहिए।

