Published On:Sunday, March 16, 2014
Posted by NJFI media
नरेंद्र मोदी को हराना है, चुनौती मंजूर: अरविंद केजरीवाल
नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने वाराणसी सीट से बीजेपी के पीएम कैंडिडेट नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती मंजूर कर ली है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पार्टी मुझे वाराणसी से चुनाव लड़वाना चाहती है, अगर 23 मार्च की वाराणसी रैली में जनता ने मुझे चुनाव लड़ने को कहा तो मैं उसी रैली में वाराणसी से चुनाव लड़ने का ऐलान करूंगा। इसके पहले केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा था, 'मुझसे कई लोग पूछ रहे हैं कि क्या मैं मोदी के खिलाफ चुनाव लडूंगा? मैं रविवार को बेंगलुरु रैली में इस बारे में बात करूंगा।'
बीजेपी, कांग्रेस के टॉप नेताओं को हराना जरूरी
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दोनों पार्टियों को हराना बहुत जरूरी है। सबसे पहले जरूरी है इनके टॉप के नेताओं को हराया जाए। मैंने कुमार विश्वास को अमेठी भेजा, लेकिन ये लोग रोज उनके पास गुंडे भेज रहे हैं, लेकिन कुमार विश्वास साहसी आदमी है, वह राहुल को हराए बिना वापस नहीं आएंगे। इसी तरह मोदी के खिलाफ भी एक दमदार कैंडिडेट उतारा जाएगा। पार्टी ने मुझे चुनाव लड़ने को कहा है। मोदी के खिलाफ वाराणसी से लड़ने की यह चुनौती मुझे स्वीकार है। केजरीवाल ने कहा कि 23 मार्च को मैं वाराणसी जाऊंगा और वाराणसी की जनता अगर मुझे यह जिम्मेदारी देगी तो मैं सहर्ष स्वीकार करूंगा और उसी दिन चुनाव लड़ने का ऐलान करुंगा।
किस सीट पर कौन है उम्मीदवार, देखने के लिए यहां क्लिक करें।
गुजरात में करप्शन का बोलबाला
इसके पहले बेंगलुरु में आयोजित सभा में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में विकास का दावा झूठा है। यह सब पैसे के बल पर मीडिया द्वारा प्रचारित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुजरात में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। बिना पैसे दिए कोई काम नहीं होता। आप पैसे के बिना गुजरात में कोई काम नहीं करवा सकते हैं।
वोट दें, चुनें अपना पीएम
AAP लोगों के लिए नया विकल्प
बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में आयोजित रैली में AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी, कांग्रेस के साथ-साथ बीएसपी और एसपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता मायावती और अखिलेश यादव से दुखी है। जब कर्नाटक में आया तो पता चला कि यहां के लोग कांग्रेस और बीजेपी दोनों से परेशान हैं। परेशान जनता विकल्प के अभाव में इन्हीं परंपरागत पॉलिटिकल पार्टियों के बीच से लोगों को चुनती हैं। इन पार्टियों से कोई बदलाव नहीं होने वाला है। अगर कांग्रेस के बदले मोदी की सरकार बन जाए तो सिर्फ सरकार बदलेगी, इससे आम आदमी के जीवन में कोई बदलाव नहीं होगा। अब व्यवस्था बदलने की जरूरत है और आज इसके लिए जनता के सामने आम आदमी पार्टी के रूप में एक विकल्प मौजूद है।
अंग्रेजों से ज्यादा कांग्रेसियों ने लूटा
रैली में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अंग्रेजों ने 200 सालों में देश को उतना नहीं लूटा, जितना 10 सालों में राहुल, सोनिया और मनमोहन की सरकार ने घोटाला किया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर मोदी पीएम बन जाते हैं तो उनकी सरकार में श्रीरामलु माइनिंग मिनिस्टर बनेंगे। सरकार बदलने से लोगों की जिंदगी में कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
मीडिया पर फिर निशाना साधा
अरविंद केजरीवाल ने कहा, सफेद झूठ बोलते हैं मोदी जी। खुलेआम झूठ बोलते हैं और मीडियावाले उसे दिखाते हैं। मेरी छोटी-छोटी बातों को दिखाते हैं। केजरीवाल ने ये ले लिया, केजरीवाल ने वो ले लिया। लेकिन, मोदी का झूठ क्यों नहीं दिखाते? केजरीवाल ने कहा, मोदी के राज में 800 किसान आत्महत्या कर चुके हैं, मीडिया इसे क्यों नहीं दिखाता?
वाड्रा और मोदी में फर्क नहीं
अरविंद केजरावाल ने कहा, गुजरात के किसान खून के आंसू रो रहे हैं। किसानों का आरोप है कि हमारी जमीन सरकार ने कौड़ियों के भाव छीन ली। यही काम हरियाणा में वाड्रा और गुजरात में मोदी करते हैं। दोनों में क्या फर्क है?
मैं भागा नहीं खड़ा हूं
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में 49 दिन की सरकार ने ऐसा काम कर दिया, जो पिछले 60 साल में कोई नहीं कर पाया। पानी मुफ्त किया, बिजली के दाम आधे किए। मैं चैलेंज करता हूं कि इतना काम आजादी के बाद से किसी ने नहीं किया। अंत में मुझे इस्तीफा देना पड़ा। बीजेपी वाले कहते हैं कि मैं भाग गया। मैं तो यहीं खड़ा हूं, भागा नहीं। शास्त्री जी ने भी इस्तीफा दिया था, लेकिन कोई नहीं कह सकता कि उन्हें गवर्नेंस नहीं आती। जब इन लोगों ने लोकपाल पास नहीं होने दिया तो मैंने इस्तीफा दिया। मैंने लोगों से कहा कि 28 सीटों पर तो इतना ही काम हो सकता है। अगली बार 50 सीटें आएंगी, फिर हम काम करके दिखाएंगे।

