Published On:Thursday, March 6, 2014
Posted by NJFI media
केजरीवाल का सनसनीखेज आरोप, कहा...विरोधियों को मरवा देते हैं मोदी
अहमदाबाद. चुनावी नगाड़ा बजते ही नेताओं ने मर्यादाएं लांघनी शुरू कर दी हैं। बुधवार को हुई सिरफुटौव्वल राजनीति के बाद आम आदमी पार्टी के नेता अरविंदकेजरीवाल ने भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। गुरुवार को कच्छ और भुज इलाके में एक सभा को संबोधित करने के दौरान केजरीवाल ने कहा, "मोदी विरोधियों को खरीद लेते हैं। नहीं तो डराते हैं या फिर मरवा देते हैं।"
केजरीवाल की दलील
इस बयान पर ज्यादा बखेड़ा न खड़ा हो, केजरीवाल ने इसके पीछे की दलील भी दे दी। केजरीवाल ने कहा, "ये मेरी नहीं, राज्य के लोगों की राय है। मैंने कई लोगों से पूछा कि आखिर वे (मोदी) लगातार जीत कैसे रहे हैं। इस पर लोगों ने बताया कि मोदी विरोधियों को पनपने ही नहीं देते।"
'सिर्फ अंबानी-अडाणी का विकास'
केजरीवाल ने मोदी के विकास के दावे को भी खोखला बताया। बोले, "गुजरात में सिर्फ अंबानी और अडाणी का विकास हुआ है। गांव और गरीब उसी हालत में है जैसे बाकी देश में।"
3 बजे तक देना है जवाब
दिल्ली में भाजपा कार्यालय के बाहर हिंसक प्रदर्शन को लेकर चुनाव आयोग ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ सख्ती दिखाई है। आयोग ने पार्टी को नोटिस भेज कर पूछा है कि क्यों न उसकी मान्यता रद्द कर दी जाए। जवाब देने के लिए शुक्रवार तीन बजे तक का वक्त दिया है। आयोग ने अपनी चिट्ठी में पूछा है कि 'आप' ने बिना अनुमति लिए भाजपा कार्यालय के सामने प्रदर्शन क्यों किया? इससे पहले भाजपा नेताओं ने आप के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
गौरतलब है कि बुधवार को भाजपा हैडक्वार्टर के बाहर ईंट और पत्थर चले थे। इसमें दोनों ओर के कई लोग घायल हो गए थे। भाजपा ने पुलिस व चुनाव आयोग को आप के नेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी कि वे अराजक माहौल पैदा कर रहे हैं।

