Published On:Thursday, March 6, 2014
Posted by NJFI media
भारतीय छात्र अमेरिका में लापता
ह्यूस्टन। भारतीय मूल का एक 21 वर्षीय यूनिवर्सिटी छात्र रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है। वह फ्लोरिडा में अपने मित्रों के साथ छुट्टियां मनाने गया था।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा और राइस यूनिवर्सिटी में मार्टेल कॉलेज का सदस्य रेनी जोस फ्लोरिडा में पनामा सिटी बीच पर छुट्टियों में अपने दोस्तों के साथ गया था।
फ्लोरिडा में बे काउंटी शेरिफ ऑफिस जोस की तलाश में जुटा है। जोस को सोमवार की शाम को अंतिम बार देखा गया था। उसके दोस्तों ने बताया कि वह शाम के समय सैर के लिए निकला था लेकिन उसके बाद नहीं लौटा। न्यूज 10 ने खबर दी है कि वह अपने दोस्तों के साथ शनिवार को पनामा सिटी बीच पहुंचा था।
जोस के परिवार के सदस्य खोजबीन प्रयासों में पनामा सिटी बीच प्रशासन की मदद के लिए रवाना हो गए हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ सप्ताह में किसी भारतीय-अमेरिकी छात्र के लापता होने की यह तीसरी घटना है। उसके माता-पिता मूल रूप से भारत में केरल के निवासी हैं।
इससे पूर्व न्यूयॉर्क से 22 वर्षीय नर्सिंग छात्र जैसमीन जोसेफ लापता हो गया था। इस घटना को एक सप्ताह से अधिक का समय बीत गया है। साउदर्न इलिनोइस यूनिवर्सिटी का छात्र प्रवीण वर्गीज 6 दिनों तक लापता रहने के बाद कारबोंदाले में मृत पाया गया था।

