Published On:Thursday, April 17, 2014
Posted by NJFI media
झारखंड: दोपहर 2 बजे तक 45 फीसदी से अधिक मतदान
जमशेदपुर
- दोपहर 1 बजे तक मतदान - 46%
- न्यू रानीकुदर के रीवर व्यू इंग्लिश स्कूल (बूथ संख्या 106) में एक महिला कमरून निशा का वोट किसी और ने डाला, महिला ने किया हंगामा
सिंहभूम
- दोपहर 1 बजे तक मतदान -40%
- चाईबासा के चंपुआ में पुलिस-मतदाताओं में झड़प, लोगों ने बूथ के आसपास तोड़फोड़ की, निर्धारित एरिया से लोगों को पुलिस द्वारा हटाने पर हुआ विरोध
- खरसावां के बरजूडीह (बूथ संख्या153) और बोंदाडीह (बूथ संख्या156) में बिजली-पानी के लिए 356 वोटरों ने किया बहिष्कार
- राजनगर के बोतरबेड़ा (बूथ संख्या 59) में 542 मतदाताओं ने सड़क की समस्या और स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर किया वोट बहिष्कार
झारखंड में छह लोकसभा सीटों के चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ और 2 बजे दिन तक 45 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
खूंटी लोकसभा के रायसा, पुंजु और कोलाज में पीएलएफआइ ने वोट का बहिष्कार किया, वही गिरिडीह में बम विस्फोट से किसी के घायल नहीं होने की खबर है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी.के. जाजौरिया ने बताया कि रांची, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर, सिंहभूम और खूंटी लोकसभा सीट पर मतदान सुबह 07 बजे शुरू हो गया। सभी सीटों पर मतदान शाम 04 बजे तक होगा। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के लिए पर्याप्त सुरक्षा तथा अन्य इंतजाम किये गये हैं।
आज जिन महत्वपूर्ण उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है उनमें रांची से कांग्रेस के सुबोधकांत सहाय, हजारीबाग से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जयंत सिन्हा और कांग्रेस के सौरभ नारायण सिंह, गिरिडीह से झारखंड मुक्ति मोर्चा के जगन्नाथ महतो, जमशेदपुर से झारखंड विकास मोर्चा के अजय कुमार, सिंहभूम से गीता कोड़ा और खूंटी से लोकसभा तथा भाजपा के उपाध्यक्ष करिया मुंडा शामिल हैं।

