Published On:Wednesday, April 2, 2014
Posted by NJFI media
चिली में भूकंप से सुनामी, पांच की मौत, कई घायल
चिली में आज 8.2 की तीव्रता के भूकंप से सुनामी आ गई और समुद्र में ऊंची लहरें उठने लगी। इसके साथ ही भूस्खलन से राजमार्ग अवरूद्ध हो गया और पांच व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। अधिकारियों ने बताया कि पांच व्यक्तियों की मृत्यु दीवार गिरने से दब जाने तथा दिल का दौरा पड़ने से हुई।
सरकार का कहना है कि भूकंप से तटवर्ती क्षेत्रों में अभी तक किसी बड़ी क्षति की सूचना नहीं है, लेकिन भ्रम की स्थिति का लाभ उठाकर 300 महिला सुधार केन्द्र से भाग निकलीं। इनमें से 16 महिलाओं को पुलिस ने दोबारा पकड़ लिया है। इस बीच सरकार ने हवैती के लिए सुनामी की चेतावनी जारी कर दी है, ताकि लोग सतर्क रहें और अपने आपको बचा सकें।
इसके अनुसार भूकंप चिली के इक्विक शहर के 99 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में बीती रात स्थानीय समयानुसार रात 8 बजकर 46 मिनट पर आया। इस क्षेत्र में पिछले दो हफ्ते से भूकंप के कई झटके आ चुके हैं।
भूकंप के चलते तटों कि किनारे बसे शहरों के पास समुद्र में 2 मीटर उंची लहरें उठ रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि इससे सुनामी भी आ सकती है। स्थानीय टेलीविजन पर प्रसारित दृश्यों में तटों के किनारे रहने वाले लोग अपने घरों को छोड़ते दिखाई दिए।

