Published On:Saturday, April 5, 2014
Posted by NJFI media
आडवाणी और राजनाथ ने दाखिल किया अपना नामांकन
भारतीय जनता पार्टी के दो दिग्गज नेता राजनाथ सिंह और लालकृष्ण आडवाणी ने आज नामांकन दाखिल किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने गुजरात के गांधीनगर क्षेत्र से अपना पर्चा दाखिल किया, तो दूसरी ओर लखनऊ से राजनाथ सिंह ने पर्चा दाखिल कर दिया है।
गांधीनगर में नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख नौ अप्रैल है। इस सीट के लिए 30 अप्रैल को चुनाव होने हैं। आडवाणी ने पहले मध्य प्रदेश में भोपाल से चुनाव लड़ने की इच्छा जतायी थी। लेकिन पार्टी और आरएसएस के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने गांधीनगर से लड़ने का फैसला किया। पार्टी और आरएसएस की राय थी कि आडवाणी के गुजरात से चुनाव नहीं लड़ने पर गलत संदेश जाएगा और उन्हें उसी सीट से चुनाव लड़ना चाहिए, जिसका वह कई वर्षों से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी शनिवार को लखनऊ संसदीय सीट से अपना नामांकन-पत्र दाखिल करेंगी। गाजियाबाद से सांसद रहे राजनाथ सिंह को पार्टी ने इस बार लखनऊ से टिकट दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के इस गढ़ से लालजी टंडन निवर्तमान सांसद हैं।
गौरतलब है कि पिछले चुनाव में टंडन ने रीता जोशी को ही करीब 40 हजार मतों से हराया था। रीता जोशी ने हालांकि पिछली बार टंडन को कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन इस बार उनका मुकाबला राजनाथ सिंह से है।
आम आदमी पार्टी (आप) ने इस सीट से फिल्म अभिनेता जावेद जाफरी को टिकट दिया है, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से अभिषेक मिश्रा उम्मीदवार हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने इस सीट से नकुल दुबे को टिकट दिया है।

