Published On:Monday, April 7, 2014
Posted by NJFI media
केजरीवाल ने कहा- किसी की बेटी लेकर नहीं भागा, न ही गया पाकिस्तान
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने विवादास्पद बयान दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे देने के मामले में सफाई देते हुए केजरीवाल ने कहा कि वह न तो किसी की बेटी को लेकर भागे और न ही पाकिस्तान गए,वह तो सिर्फ भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे हैं। केजरीवाल की सभा में मशहूर बॉलीवुड संगीतकार विशाल डडलानी ने भी एक विवादास्पद गाना गाया। उनके गाने के बोल थे ‘बचना ऐ कमीनों लो मैं आ गया....’
रविवार को चांदनी चौक में एक चुनावी सभा के दौरान केजरवील ने दिल्ली के सीएम पद से अपने इस्तीफे को सही ठहराते हुए कहा, ‘लोग कहते हैं कि मैं भाग गया हूं लेकिन मैं तो कहीं नहीं गया हूं’। उन्होंने आगे कहा, ‘ मैं किसी की बेटी को लेकर नहीं भागा हूं, मैं यहीं हूं और आखिरी सांस तक भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ता रहूंगा।’
चांदनी चौक से पार्टी प्रत्याशी आशुतोष के लिए प्रचार करते हुए केजरीवाल ने अपनी तुलना महाभारत के अर्जुन से करते हुए कहा, ‘जब युद्ध से पहले दुर्योधन भगवान कृष्ण से मिलने गए और उनकी सेना मांगी जबकि अर्जुन ने केवल भगवान का साथ मांगा। आज मोदी और राहुल के पास धन बल है लेकिन मेरे पास भगवान है।‘


