Published On:Friday, April 4, 2014
Posted by NJFI media
STING: गोयल ने माना- डायनामाइट लेकर गए थे कारसेवक, BJP ने बताया साजिश
नई दिल्ली. लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण के मतदान (सात अप्रैल) से केवल तीन दिन पहले अयोध्या मसला (राम जन्मभूमि बाबरी मस्जिद विवाद) अचानक चर्चा में आ गया है। कोबरापोस्ट ने एक स्टिंग के आधार पर दावा किया (स्टिंग से जुड़ी कोबरापोस्ट की प्रेस विज्ञप्ति पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें ) कि करीब 25 साल पहले सोची-समझी योजना के तहत, व्यापक तैयारियों के बाद अयोध्या में विवादित ढांचा गिराया गया था। भाजपा ने स्टिंग को प्रायोजित और कांग्रेस की साजिश बताया है। लेकिन, भाजपा के एक नेता जय भगवान गोयल ने खुले आम माना है कि अयोध्या में पांच लाख कारसेवक ढांचे को गिराने के संकल्प के साथ पूरी तैयारी कर पहुंचे थे। यहां तक कि कुछ साथी डायनामाइट भी ले गए थे। (इस मुद्दे पर पार्टियों और लोगों की प्रतिक्रियाएं पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें )
स्टिंग के मुताबिक, खास बात यह है कि राम मंदिर मुहिम के दौरान उत्तर प्रदेश में कारसेवकों पर जो गोलीबारी की गई थी, वह भी कमोबेश सुनियोजित योजना का ही हिस्सा थी। इसके पीछे कथित तौर पर यह रणनीति थी कि अगर कुछ हिंदुओं की मौत होती है तो इससे राम मंदिर मुद्दे को और हवा ही मिलेगी। कोबरापोस्ट ने इस स्टिंग के लिए राम मंदिर से जुड़े 23 महत्वपूर्ण लोगों से बात की और चुपचाप तरीके से इसे रिकॉर्ड किया। इन लोगों में साक्षी महाराज, आचार्य धर्मेंद्र, उमा भारती, महंत वेदांती और विनय कटियार जैसे नाम शामिल हैं। (स्टिंग का पूरा ब्योरा अगली स्लाइड्स में दिया गया है)
यह मुद्दा ऐसे समय गरम हुआ है जब ऐसी खबर आ रही है कि नरेंद्र मोदी ने भाजपा के घोषणापत्र से मंदिर मुद्दा हटवाया और आरएसएस ने अंदरूनी सर्वे करवा कर यह बताया कि अब लोग मंदिर नहीं चाहते, उन्हें विकास चाहिए।
भाजपा के यूपी प्रभारी अमित शाह ने कहा कि मतदान से पांच दिन पहले सोनिया गांधी इमाम से मिलती हैं और दो दिन बाद ऐसी रिपोर्ट आ जाना, यह अपने आप में एक षडयंत्र है। कोबरापोस्ट की विश्वसनीयता हम सब जानते हैं।
लेकिन, पुराने शिवसैनिक और अब भाजपा नेता जयभगवान गोयल ने शुक्रवार को कहा- हमारे साथी डायनामाइट लेकर आए थे। हम सैनिक हैं। जहां देश और धर्म पर खतरा हो, वहां लड़ना हमारा काम है। कारसेवक के पास हनुमान जी का रूप था। किसी चीज की जरूरत नहीं पड़ी। अपने आप ढांचा गिरते गया। पांच लाख हिंदू कारसेवक इसी संकल्प के साथ आए थे कि ढांचा ढहा दिया जाना है।
बीजेपी ने स्टिंग को बताया प्रायोजित, कांग्रेस की साजिश करार दिया
बीजेपी ने कोबरापोस्ट के इस स्टिंग को प्रायोजित बताया है और इसे कांग्रेस की साजिश करार दी है। बीजेपी का कहना है कि उसने चुनाव आयोग से मांग की है कि इस पर तुरंत कार्रवाई की जाए। बीजेपी ने इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए शुक्रवार सुबह अपने प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी को आगे किया। उन्होंने कहा कि कोबरापोस्ट नाम के एक एनजीओ ने प्रायोजित स्टिंग किया है। हमने चुनाव आयोग से कहा है कि चुनाव से पहले इस तरह के प्रचार पर तुरंत रोक लगाई जाए नहीं तो सांप्रदायिक माहौल बिगड़ सकता है।

