Published On:Wednesday, May 21, 2014
Posted by NJFI media
नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया
गांधीनगर : देश के 14वें प्रधानमंत्री बनने जा रहे नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राज्यपाल को गुजरात के मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने राजभवन जाकर राज्यपाल कमला बेनीवाल को अपना इस्तीफा सौंपा। अब से कुछ ही देर बाद भाजपा विधायक उनके उत्तराधिकारी का औपचारिक रूप से चुनाव करेंगे।
पार्टी सूत्रों ने कहा है कि मोदी सरकार में राजस्व मंत्री आनंदीबेन पटेल का गुजरात की अगली मुख्यमंत्री बनना तय है। विधायकों की ओर से औपचारिक रूप से चुने जाने के बाद नया नेता बुधवार शाम 6 बजे सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। नए मुख्यमंत्री को 22 मई को दिन में 12:39 बजे शपथ दिलाई जाएगी।
इससे पहले गुजरात विधानसभा में बुधवार को मौजूदा मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को विदाई देने के लिए विशेष सत्र आयोजित किया गया। गौर हो कि मोदी 26 मई को अगले प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। मोदी बुधवार सुबह गुजरात विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेने पहुंचे।
गुजरात विधानसभा में अपने आखिरी भाषण और विदायी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि गुजरात विधानसभा मेरी पहली पाठशाला है। मैं विपक्ष का आभार व्यक्त करता हूं और इस भारी जीत का श्रेय विपक्ष को भी है। यह एक ऐतिहासिक पल है। पूरे देश में गुजरात माडल की चर्चा है। आज पूरे देश में गुजरात माडल विकास का नमूना है।
मोदी ने शंकर सिंह वाघेला का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वाघेला गर्व कर सकते हैं कि पीएम कभी उनके मोटरसाइकिल पर बैठा था। उन्होंने कहा कि वजूभाईवाला ने सीट छोड़ी और मेरी विकास यात्रा शुरू हुई। विकास की यात्रा आगे भी जारी रहेगी।

