Published On:Tuesday, May 20, 2014
Posted by NJFI media
जासूसी मामले में बढ़ी तनातनी, चीन ने अमेरिका को दी कड़ी कार्रवाई की धमकी
बीजिंग। चीन ने अमेरिका को धमकी देता हुए कहा है कि अगर
अमेरिका उसके पांच चीनी सैन्य अधिकारियों पर अमेरिकी कंपनी के ट्रेड
जानकारियां चुराने के आरोप लगाता है तो उसे भी कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार
रहना होगा। चीन के सरकारी टीवी पर यह जानकारी दी गई है।
अमेरिका द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को चीनी विदेश मंत्रालय ने खारिज
कर दिया है और यह भी कहा कि इससे दोनों देशों के बीच विश्वास में कमी
आएगी। मंत्रालय ने कहा कि वह साइबर मुद्दे पर होने वाली चीन-अमेरिका की
संयुक्त गतिविधियों पर रोक लगा देगी।
गौरतलब है कि अमेरिका ने सोमवार को पांच चीनी अधिकारियों पर अमेरिकी
कंपनियों की जासूसी करने और गोपनीय व्यापारिक आंकड़े चुराने का आरोप लगाया
था। अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से दाखिल आरोप पत्र में चीनी अधिकारियों पर
पहली बार साइबर जासूसी करने का आरोप लगाया है। हालांकि न्याय विभाग के
अधिकारी ने इस मामले में अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। रिपोर्ट में
चीनी अधिकारियों और अमेरिकी कंपनियों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है।
लेकिन एनबीसी न्यूज के मुताबिक वह ऊर्जा और निर्माण क्षेत्र से जुड़ी
कंपनियां हैं।
अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जनरल की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सरकार
इस मामले में चीनी सेना के पांच अधिकारियों को आरोपी बनाने की योजना बना
रही है। हालांकि शीर्ष चीनी अधिकारियों ने सरकार से अपनी साइबर सुरक्षा को
मजबूत बनाने का आग्रह किया है।
बीते साल अमेरिकी राष्ट्रपति और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच
मुलाकात से साइबर हैकिंग का मुद्दा उठा था। इससे पहले भी चीन-अमेरिका साइबर
हैकिंग के साथ-साथ मानवाधिकार उल्लंघन, व्यापारिक विवाद, चीनी रक्षा बजट
को लेकर कई बार आमने-सामने आ चुके हैं।

