Published On:Friday, May 9, 2014
Posted by NJFI media
कांग्रेस करती है ‘ऊंच-नीच’ की राजनीति: मोदी
मोतिहारी। बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वोटबैंक, जाति और धर्म की राजनीति ने देश को बर्बाद कर दिया है। बिहार के मोतिहारी में रैली के दौरान मोदी ने कहा कि छुआछूत की राजनीति क्या होती है। ऐसी राजनीति तब होती है जब बीजेपी नेताओं को डिनर के लिए बुलाया जाए और अचानक वापस भेज दिया जाए। ऐसी राजनीति तब होती है जब केरल के एक मंत्री उनसे मिलने आते हैं और फिर सरकार अपने मंत्री से जवाब मांगती है।
मोदी के मुताबिक इस तरह की राजनीति से ऊपर उठना होगा। मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में ऊंच-नीच की राजनीति शोभा नहीं देती। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति नहीं छोड़ेगी। मोतिहारी के गांधी मैदान में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोतिहारी ऐतिहासिक भूमि है, लेकिन इसके विकास पर ध्यान नहीं दिया गया।
'नीच राजनीति' के बयान पर कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, कि कांग्रेस ऊंच-नीच की राजनीति करती है। हमारी चाहत तो साफ राजनीति की है। उन्होंने कहा कि छुआछूत की राजनीति लोकतंत्र में शोभा नहीं देती है। देश में जाति आधारित राजनीति खत्म होनी चाहिए। किसानों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इन्हें (कांग्रेस और राज्य सरकार को) किसानों की चिन्ता नहीं है। आज गन्ना और लीची किसान समस्याओं से जूझ रहे हैं। मोतिहारी में लीची के जूस के कारखाने लगने चाहिए।

