Published On:Wednesday, October 9, 2013
Posted by NJFI media
एलपीजी सिलेंडर होगा साढ़े तीन रुपये महंगा!
नई दिल्ली - महंगाई के इस दौर में रसोई गैस सिलेंडर भी आपकी जेब को कुछ और हल्का कर सकता है। सरकार ने अगर एक खास सिफारिश मान ली तो एलपीजी सिलेंडर तकरीबन 3.50 रुपये महंगा हो जाएगा।
दरअसल, एलपीजी डीलरों को मिलने वाले कमीशन में 9 फीसदी से भी ज्यादा की बढ़ोतरी करने की सिफारिश की गई है। उपर्युक्त सिफारिश तेल मंत्रालय के पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल ने की है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस सेल यानी प्रकोष्ठ ने एलपीजी डीलरों को मिलने वाले कमीशन को 3.46 रुपये बढ़ाकर 40.71 रुपये प्रति सिलेंडर करने की अनुशंसा की है। अगले दो हफ्तों में इस कमीशन में बढ़ोतरी कर दिए जाने की संभावना है।
मालूम हो कि एलपीजी डीलरों को दिए जाने वाले कमीशन में बढ़ोतरी का बोझ अमूमन इसके उपभोक्ताओं पर डाल दिया जाता है। दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर की कीमत मौजूदा समय में 410.50 रुपये है। एलपीजी सिलेंडर के मूल्य में संशोधन इससे पहले पिछले साल अक्टूबर महीने में ही किया गया था। उस समय डीलर कमीशन मेें बढ़ोतरी के चलते एलपीजी सिलेंडर की कीमत को 399 रुपये से बढ़ाकर 410.50 रुपये कर दिया गया था। (प्रेट्र)

