Published On:Saturday, December 28, 2013
Posted by NJFI media
400 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा बुजुर्ग, 3 फीट अंदर घुसा सरिया, मौत
ओंकारेश्वर (खंडवा). तीर्थनगरी के जेपी चौक स्थित गोदड़ अखाड़े में लगे ४क्क् फीट ऊंचे रिलायंस मोबाइल टॉवर पर एक बुजुर्ग चढ़ गया। टावर पर लगे करीब छह फीट लंबे तड़ित चालक यंत्र (नुकीला सरिया) पर बैठने से सरिया उसके शरीर में तीन फीट तक घुस गया।
शनिवार सुबह जब लोगों ने देखा तो उसे पुतला समझे। दूरबीन से देखने पर बुजुर्ग का शव दिखा। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। शनिवार सुबह 11:30 बजे इंदौर से मोबाइल कंपनी की तकनीकी टीम के पांच सदस्य तीर्थनगरी पहुंचे। तीन घंटे की मशक्कत के बाद सरिया निकालकर बुजुर्ग के शव को नीचे उतारा। शव को पीएम के लिए भेज दिया। बुजुर्ग की पहचान नहीं हो पाई है। उसकी उम्र 60 वर्ष है।
संभवत: बुजुर्ग शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात टॉवर पर चढ़ा होगा। बुजुर्ग की हालत देखकर लगता है कि वह विक्षिप्त था। उस वक्त यहां कोई गार्ड भी नहीं था। ओंकारेश्वर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. रवि वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच के मुताबिक सरिया घुसने से बुजुर्ग का लीवर, किडनी और फेफड़े छिन्न-भिन्न हो गए थे। खून भी काफी बह गया था। संभवत: इसी कारण बुजुर्ग की मौत हुई है।


