Published On:Thursday, December 26, 2013
Posted by NJFI media
पाकिस्तानी पीएम के पास है अरबों की संपत्ति, इमरान खान पर है करोड़ों का कर्ज
इस्लामाबाद. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ एक अरब 82 करोड़ 40 लाख पाकिस्तानी रुपए की संपत्ति के साथ देश के सबसे अमीर सांसद हैं। वहीं, मुजफ्फरगढ़ के सांसद जमशेद खान दस्ती सबसे गरीब हैं। इलेक्शन कमीशन ऑफ पाकिस्तान द्वारा चुनाव के समय वर्तमान सांसदों की घोषित संपत्ति का विवरण जारी कर दिया गया है।
इसमें शरीफ की पुश्तैनी जमीन, संपत्ति, कारखाने, गहने, फर्नीचर, उन्हें मिले तोहफे और देश और विदेशी बैंकों में जमा उनकी कुल संपत्ति एक अरब 82 करोड़ 40 लाख पाकिस्तानी रुपए बताई गई है। एक अरब 43 करोड़ पाकिस्तानी रुपए कीमत तो सिर्फ उनकी खेती की जमीन की है।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान खान ने तीन करोड़ पाकिस्तानी रुपए की संपत्ति को घोषणा की है। साथ ही उन्होंने अपने ऊपर एक करोड़ 28 लाख रुपए के कर्ज की भी बात कही है।
सांसद दस्ती ने घोषणापत्र में कहा है कि उनके बैंक अकाउंट में एक भी पैसा नहीं है। न ही उनके पास कोई संपत्ति है। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ 42 करोड़ 40 लाख रुपए की संपत्ति के साथ देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं।


