Published On:Friday, January 31, 2014
Posted by NJFI media
बगदाद में सरकारी इमारत पर आतंकमादियों का हमला
बगदाद: बगदाद में बंदूकधारियों और आत्मघाती हमलावरों ने एक सरकारी इमारत पर हमला किया जिससे दो लोगों की मौत हो गयी.अधिकारियों ने बताया कि इराक की राजधानी में हमला आतंमकवादियों की शिया नेतृत्व वाली सरकार को कमजोर करने का प्रयास है.
एक सरकारी परिवहन कंपनी सहित कई स्थानों पर किए गए हमलों में 11 व्यक्तियों की मौत हो गयी है और देश के पश्चिमी अनबार प्रांत में उग्रवाद भीषण रूप में सामने आया है. सरकारी सैनिक अलकायदा से जुड़े लड़ाकों और उनके सहयोगियों को इलाके में स्थित शहरों से खदेड़ने का प्रयास कर रहे हैं.
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता साद मान इब्राहीम ने बताया कि कल के हमले में कम से कम छह बंदूकधारी शामिल थे. हमलावरों ने बगदाद के कैनाल स्ट्रीट में एक सरकारी परिवहन कंपनी पर हमला किया. इस कैनाल स्ट्रीट पर कई सरकारी कार्यालय स्थित है. मान ने बताया कि पुलिस ने इमारत के अंदर चार उग्रवादियों को ढ़ेर कर दिया जबकि दो अन्य ने दरवाजे पर खुद को उड़ा लिया.
उन्होंने कहा कि हमले में एक पुलिस कर्मी और कम से कम एक कर्मचारी की मौत हो गयी लेकिन उन्होंने इसका ब्यौरा नहीं दिया कि उनकी मौत कैसे हुयी.
सैनिकों ने पूरे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया है और बख्तरबंद गाडियां मौके पर पहुंची. सेना के एक हेलीकॉप्टर को भी वहां ऊपर उड़ते हुए देखा गया.


