Published On:Wednesday, January 22, 2014
Posted by NJFI media
ओवैसी का फरमान: मत देखो सलमान की 'जय हो'
सलमान खान और उनकी फिल्म 'जय हो' मुश्किल में दिखाई दे रही है। सलमान ने मकर संक्रांति के दिन गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पतंग क्या उड़ा ली, कई लोग और संगठन नाराज हो गए।
ऑल इंडिया मजिलिस-ए-इत्तिहादुल मुसलिमीन (एआईएमआईएम) पार्टी ने अपने समर्थकों से कहा है कि वे सलमान खान की फिल्म 'जय हो' का बायकॉट करें और उसे ना देखें। यह पार्टी ओवैसी बंधुओं असदुद्दीन और अकबरूद्दीन की है जो भड़काऊ भाषण देते रहते हैं। उन्होंने सलमान को महज एक नाचने और गाने वाला एक्टर बताया है।
हाल ही में सलमान खान ने यह भी कहा था कि गुजरात दंगों में मोदी को क्लीन चिट मिल चुकी है, इसलिए वे माफी क्यों मांगे। हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी इस बात से भी नाराज हैं कि सलमान ने मोदी की प्रशंसा क्यों की। उनका मानना है कि सलमान ने मुस्लिमों की भावनाओं को आहत किया है।
सलमान का कई मुस्लिम संगठनों ने भी विरोध किया है। बिहार में 'जय हो' के पोस्टर और सलमान के पुतले जलाए गए। बॉलीवुड में इस बात का डर है कि कही यह विरोध देश के अन्य हिस्सों में भी जोर ना पकड़ ले।

