Published On:Tuesday, February 25, 2014
Posted by NJFI media
लालू का नीतीश पर पलटवार, 9 बागी विधायक वापस आए
राष्ट्रीय जनता दल में बगावत के एक दिन बाद ही मंगलवार को लालू प्रसाद यादव ने दिखाया कि वह भी राजनीति के पुराने खिलाड़ी हैं। नीतीश पर पलटवार करते हुए वह 13 बागी विधायकों में नौ को वापस लाने में कामयाब रहे।
राजद अध्यक्ष ने बिहार विधानसभा और राजभवन पर इन नौ विधायकों की परेड कराई। दिल्ली से डैमेज कंट्रोल करने पटना पहुंचे लालू ने अपने आवास पर दोपहर 1 से 2 बजे तक पार्टी विधायक दल की बैठक की। इसके बाद करीब सवा 2 बजे वह पैदल ही विधानसभा कूच कर गए। विधानसभा में नौ विधायकों ने सचिव को राजद नहीं छोड़ने के आशय का पत्र सौंपा। इसके बाद करीब 4 बजे लालू प्रसाद रिक्शे से राज्यभवन गए। वहां उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। राजद ने मांग की कि उन्हें वह पत्र दिया जाए, जिसके आधार पर पृथक दल की मान्यता दी गई। यह भी मांग की गई कि पृथक दल को दी गई मान्यता रद्द की जाए। उधर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी पार्टी बागी राजद विधायकों का जदयू में स्वागत करेगी और साथ ही इन आरोपों को खारिज किया कि बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने उनके इशारे पर काम करते हुए जल्दबाजी में राजद के अलग हुए गुट को मान्यता दे दी।


