Published On:Saturday, February 1, 2014
Posted by NJFI media
नेताओं को भ्रष्ट बताने पर घिरे केजरीवाल, गडकरी ने भेजा मानहानि का नोटिस
नई दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कई
नेताओं को भ्रष्ट बताने वाले अपने बयान पर घिरते जा रहे हैं। शनिवार को
बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने केजरीवाल को मानहानि
का नोटिस भेजा है। यह नोटिस गडकरी ने अपने वकील बालेंदु शेखर के जरिए
भिजवाया है। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने भी केजरीवाल के
आरोप को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल या तो आरोप सिद्ध करें
या इस्तीफा दें। सिब्बल ने कहा कि यदि उनपर लगे आरोप सही साबित हो जाते
हैं, तो वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
केजरीवाल ने एक कार्यक्रम में गडकरी और कपिल सिब्बल समेत देश के कई नेताओं के नाम लेकर उन्हें भ्रष्ट बताया था और जनता से इन नेताओं के खिलाफ वोट करने की अपील की थी।
इस कार्यक्रम के बाद शुक्रवार को ही गडकरी ने केजरीवाल से माफी मांगने
को कहा था। गडकरी ने कहा था कि केजरीवाल या तो तीन दिन के भीतर माफी
मांगे, अन्यथा वे उनके खिलाफ मानहानि का नोटिस जारी करेंगे।

