Published On:Tuesday, March 4, 2014
Posted by NJFI media
चीन ने किया रक्षा बजट में 12 फीसदी इजाफा, 131.57 अरब डॉलर पहुंचा
बीजिंग। चीन ने तटीय और आकाशीय सुरक्षा मजबूत करने और
अत्याधुनिक हथियारों के विकास के लिए वर्ष 2014 में अपना रक्षा बजट 12.2
प्रतिशत बढाकर 131.57 अरब डॉलर कर दिया है। सरकार ने संसद के वार्षिक
अधिवेशन के पहले दिन इसकी घोषणा की।
चीन की सेना लिबरेशन पीपुल्स आर्मी संख्या बल में सबसे मजबूत मानी
जाती है और इसमें सैनिकों की संख्या तकरीबन 23 लाख है। पिछले दो सालों में
चीन के रक्षा बजट में यह सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी है। इस बार रक्षा बजट में
दोहरे अंकों में बढ़ोत्तरी की गई है।
प्रधानमंत्री ली केक्लिांग ने संसद में बताया कि चीन की सशस्त्र
सेनाओं की प्रकृति में क्रांतिकारी बदलाव किया जाएगा। सेना को अत्याधुनिक
बनाया जाएगा और उसके कामकाज में सुधार किया जाएगा। सूचना क्रांति के इस युग
में सेना की मारक और प्रतिरोधक क्षमता में बढ़ोत्तरी की जाएगी।

