Published On:Wednesday, March 19, 2014
Posted by NJFI media
पाकिस्तान में विस्फोट,सात की मौत
पेशावर : पाकिस्तान के उत्तरी वजीरीस्तान और पेशावर में हुए दो अलग-अलग विस्फोटों में आज कम से कम सात लोग मारे गए. मारे गए लोगों में एक ही परिवार की चार महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है. अफगानिस्तान की सीमा से लगे उत्तरी वजीरिस्तान के शावल इलाके में स्थित एक घर के भीतर हुए विस्फोट में एक ही परिवार की चार महिलाएं, एक बच्चा और एक आदमी मारा गया.
खबरों में कहा गया कि यह विस्फोट शावल में मोर्टार का गोला फट जाने पर हुआ. शावल कबायली जिले उत्तरी वजीरिस्तान के मुख्य शहर मीरानशाह से 55 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है. एक अन्य घटना में पेशावर शहर के आंतरिक इलाके में अज्ञात बदमाशों द्वारा लगाई गई विस्फोटक आईईडी :इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोजिव डिवाइस: फट जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए.
शहर के पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, यह बम सरकी इलाके में स्थित गुल बाशा मोहल्ला में दूध बेचने वाले मुश्ताक खान के घर लगाया गया था. पुलिस ने कहा, घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल पेशावर में स्थानांतरित किया गया. इस हमले के लिए अभी तक किसी समूह ने जिम्मेदारी नहीं ली है. उन्होंने कहा कि विस्फोट में करीब आधा किलो विस्फोटकों का इस्तेमाल किया गया. बचाव दल मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बचाव अभियान शुरु कर दिया.

