Published On:Sunday, March 2, 2014
Posted by NJFI media
रूस ने तैनात किए युद्धपोत, यूक्रेन के प्रधानमंत्री ने भी की युद्ध की घोषणा
कीव। अमेरिका द्वारा रूस को आर्थिक रूप से गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी के बाद अब यूक्रेन भी युद्ध के लिए तैयार हो गया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा पड़ोसी देश के मामलों में दखल देने की घोषणा के बाद यूक्रेन
ने युद्ध के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। यूक्रेन मामले पर रूस और पश्चिमी
देशों के संबंध शीत युद्ध के बाद के सबसे बुरे दौर में पहुंच गए हैं।
यूक्रेन के पूर्व प्रधानमंत्री विक्टर यानुकोविच के देश छोड़कर भागने
के बाद देश की कमान संभालने वाले प्रधानमंत्री आर्सेनी यातसेनियुक ने युद्ध
की घोषणा करते हुए कहा, "यह कोई चेतावनी नहीं है। मैं युद्ध की घोषणा करता
हूं और यूक्रेन इसके लिए तैयार है।"
व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को पार्लियामेंट से यूक्रेन में रह रहे
रूसी नागरिकों की सुरक्षा के लिए वहां अपनी सेना तैनात करने की इजाजत
मांगी। साथ ही रूस ने पश्चिमी देशों को इस मामले में दखलंदाजी नहीं करने की
चेतावनी भी दी।
यूक्रेन के स्वशासित गणराज्य क्रीमिया में रूस अपनी सेना तैनात कर
चुका है। गौरतलब है कि यहां मास्को का नेवी बेस भी मौजूद है। खबरों के
मुताबिक, रविवार को रूसी सैनिकों ने यूक्रेनियन सेना की चौकियों को घेर
लिया था और सैनिकों से हथियार डालने की मांग की। हालांकि किसी भी तरह की
गोलीबारी की खबर नहीं है।


