Published On:Saturday, April 12, 2014
Posted by NJFI media
राहुल ने अमेठी से भरा पर्चा, कहा फिर जीतेंगे
अमेठी (एसएनएन) : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अमेठी लोकसभा सीट से आज नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है. पर्चा भरते वक्त उनके साथ उनकी मां सोनिया गांधी, बहन प्रियंका गांधी और जीजा रॉबर्ट वाड्रा भी मौजूद थे. पर्चा भरने के बाद राहुल गांधी ने दावा किया कि ‘2009 की तरह इस बार भी सारे पोल फेल हो जाएंगे और 2014 में कांग्रेस ही जीतेगी.’ उन्होंने कहा कि ‘हमने अमेठी को नेश्नल हाइवे और रेल लाइन से जोड़ा है. साथ ही उन्होंने साफ किया कि ‘मैंने मोदी पर कोई निजी हमला नहीं किया है. सिर्फ हलफनामे की सच्चाई बताई है.’
दो बार यहां से सांसद रह चुके राहुल को इस बार इस सीट से कड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है. इस बार उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुमार विश्वास और बीजेपी की स्मृति ईरानी से है. अमेठी संसदीय सीट पर सात मई को मतदान होगा.
इससे पहले राहुल दोपहर करीब 12 बजे परिवार के साथ अमेठी पहुंचे थे. उन्होंने 40 किलोमीटर लंबी रैली की. उनका भव्य स्वागत किया गया. बड़ी संख्या में लोगों ने उनकी रैली में हिस्सा लिया. राहुल के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं ने करीब 15 टन गुलाब के फूलों से उनका स्वागत किया. रोड शो के दौरान उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी शामिल थे.

